गोरखपुर
मां सिद्धिदात्री ज्योतिषीय परामर्श केंद्र के नवीन कार्यालय का विधिविधान से हुआ शुभारंभ
गोरखपुर। विष्णु मंदिर कॉलोनी, असुरन चौक स्थित मां सिद्धिदात्री ज्योतिषीय परामर्श केंद्र के नवीन कार्यालय का उद्घाटन मंगलवार को विधिविधान एवं धार्मिक अनुष्ठानों के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ वैदिक ब्राह्मणों द्वारा स्वस्तिक वाचन एवं मंत्रोच्चारण के साथ किया गया।

इस अवसर पर गोरखपुर के प्रसिद्ध समाजसेवी नीतीश शुक्ला ने फीता काटकर एवं दीप प्रज्वलित कर कार्यालय का औपचारिक उद्घाटन किया। उद्घाटन से पूर्व विद्वान ब्राह्मणों द्वारा सुंदरकांड का संगीतमय पाठ किया गया, जिसके पश्चात हनुमान जी की आरती, सभी देवी-देवताओं का पूजन, हवन एवं कीर्तन का आयोजन हुआ। धार्मिक अनुष्ठानों के उपरांत श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद वितरण किया गया तथा विशाल भंडारे का भी आयोजन हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सहभागिता की।

कार्यक्रम के आयोजक एवं ज्योतिषाचार्य पंडित रवि मिश्रा ने समाजसेवी नीतीश शुक्ला को अंगवस्त्र (शाल) ओढ़ाकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि मां सिद्धिदात्री ज्योतिषीय परामर्श केंद्र के माध्यम से आमजन को वैदिक ज्योतिष के आधार पर सटीक एवं विश्वसनीय परामर्श प्रदान किया जाएगा। साथ ही उन्होंने कार्यक्रम में उपस्थित सभी अतिथियों एवं श्रद्धालुओं के प्रति आभार व्यक्त किया।

इस शुभ अवसर पर पंडित राम प्रकाश मिश्रा, शशि मिश्रा, सुभाष सिंह, वरिष्ठ पत्रकार दुर्गेश मिश्र सहित अनेक गणमान्य नागरिक एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे। सभी ने नवीन कार्यालय के शुभारंभ पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
