Connect with us

वाराणसी

महिला हिंसा के खिलाफ सड़क पर उतरीं महिलाएं, तहसील पर किया प्रदर्शन

Published

on

महिलाओं ने भरी हुंकार – “यूपी में बंद करो शराब की दुकान”

वाराणसी के राजातालाब में सोमवार को हजारों ग्रामीण महिलाओं ने घरेलू हिंसा, लैंगिक भेदभाव और यौन उत्पीड़न के खिलाफ सड़कों पर उतरकर जोरदार प्रदर्शन किया। इस जन आक्रोश रैली में महिलाओं ने उत्तर प्रदेश में पूर्ण शराबबंदी की मांग को प्रमुखता से उठाया। घरेलू कामगार महिला स्वयं सहायता समूह, किशोरी संगठन, लोक समिति, दिहाड़ी मजदूर संगठन और आशा ट्रस्ट के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस महा सम्मेलन में आराजी लाइन और सेवापुरी ब्लॉक के करीब 80 गांवों से लगभग तीन हजार महिलाएं शामिल हुईं।

महिलाओं ने ढोल-नगाड़ों और तख्तियों के साथ राजातालाब बाजार से तहसील तक विशाल रैली निकाली, जिससे जीटी रोड जाम हो गया। “बलात्कारियों को जेल में बंद करो”, “महिला हिंसा बंद करो”, “छेड़खानी पर रोक लगाओ”, “शराब बेचना बंद करो”, “बिलकिस बानो और हाथरस की बेटी को न्याय दो” जैसे गगनभेदी नारे पूरे तहसील परिसर में गूंज उठे। तहसील पहुंचकर महिलाओं ने उपजिलाधिकारी शिवानी सिंह को 14 सूत्रीय ज्ञापन सौंपा, जिसमें महिला सुरक्षा, शराबबंदी, बाल विवाह और लैंगिक समानता जैसे मुद्दों पर ठोस कार्रवाई की मांग की गई।

रैली के उपरांत सिंचाई डाक बंगले में महिला हिंसा के खिलाफ एक विशाल सम्मेलन आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम का उद्घाटन लोक चेतना समिति की निदेशिका रंजू सिंह, सामाजिक कार्यकर्ता जागृति राही, ग्राम प्रधान संजय यादव और लोक समिति के संयोजक नंदलाल मास्टर ने दीप जलाकर किया। इस दौरान महिलाओं ने नाटक, गीत और भाषणों के माध्यम से अपने अधिकारों की आवाज बुलंद की और महिला हिंसा को जड़ से मिटाने का संकल्प लिया।

Advertisement

सामाजिक कार्यकर्ता जागृति राही ने महिलाओं से अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने और समाज में बराबरी के लिए राजनीतिक भागीदारी बढ़ाने का आह्वान किया। पूर्व मंत्री सुरेंद्र सिंह पटेल ने महिलाओं को उनके कानूनी अधिकारों की जानकारी दी। महिला चेतना समिति की निदेशिका रंजू सिंह ने सरकार से महिलाओं के खिलाफ हो रहे अपराधों पर सख्त कार्रवाई करने की मांग करते हुए कहा कि महिलाओं को अपनी सुरक्षा की जिम्मेदारी खुद उठानी होगी।

महिला संगठन की संयोजिका अनीता पटेल ने कहा कि शराब महिलाओं के खिलाफ होने वाली घरेलू हिंसा, उत्पीड़न, बलात्कार और मारपीट जैसी घटनाओं का सबसे बड़ा कारण है। उन्होंने प्रदेश में शराब की बिक्री पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने की मांग की।

इस विशाल प्रदर्शन और सम्मेलन में पूर्व मंत्री सुरेंद्र सिंह पटेल, विधायक नीलरतन की बेटी अदिति पटेल, अजय राय की बेटी श्रद्धा, अरविंद मूर्ति, गीता रानी, अनीता, सरिता सोनी, रामप्रकाश मास्टर, आशा, मधुबाला, पूनम, शर्मिला, मुकेश प्रधान, चंद्रकला, ममता, कुसुम, पूजा, सुमन, प्रीति, नीतू, सुषमा, सरोज, नंदलाल मास्टर, राजेश, अमित, रवि गुप्ता, श्यामसुंदर, रामबचन और सुनील सहित कई गणमान्य लोग शामिल रहे।

धरने का नेतृत्व नंदलाल मास्टर ने किया, संचालन अनीता और सोनी ने संभाला, जबकि अध्यक्षता आशा राय ने की और धन्यवाद ज्ञापन मनीषा ने दिया।

Advertisement

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page