मऊ
महिला सुरक्षा जागरूकता अभियान में छात्राओं को दिये गये आत्मरक्षा के टिप्स
घोसी (मऊ)। पुलिस अधीक्षक मऊ इलामारन जी के निर्देशन में और प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार सिंह के नेतृत्व में एंटी रोमियो स्क्वाड द्वारा एसडी कॉन्वेंट पब्लिक स्कूल, कैथोली में महिला सुरक्षा जागरूकता अभियान चलाया गया। इस दौरान घोसी कोतवाली की उपनिरीक्षक जसोदा ने छात्राओं को सुरक्षा के अहम टिप्स दिए और आत्मरक्षा के प्रति जागरूक किया।
उन्होंने छात्राओं को सलाह दी कि किसी भी समस्या की स्थिति में वे बिना झिझक पुलिस की मदद लें और जरूरी हेल्पलाइन नंबरों का उपयोग करें। 1090 महिला हेल्पलाइन, 112 पुलिस आपातकालीन सेवा, 1930 साइबर हेल्पलाइन, 1098 चाइल्ड हेल्पलाइन, 1076 मुख्यमंत्री हेल्पलाइन, 102 गर्भवती महिलाओं और नवजात शिशुओं के लिए, 108 एंबुलेंस सेवा और 101 अग्निशमन सेवा के लिए उपलब्ध हैं।
उन्होंने छेड़छाड़, साइबर अपराध और महिला हिंसा से बचाव के उपाय भी बताए और कहा कि कोई संदिग्ध गतिविधि दिखने पर तुरंत पुलिस को सूचित करें। इस दौरान महिला पुलिसकर्मियों ने छात्राओं से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं और समाधान का भरोसा दिलाया।