अपराध
महिला श्रद्धालु को डंपर ने कुचला, तेजी से गाड़ी लेकर भागा ड्राइवर
वाराणसी। जनपद के चितईपुर चुनाव रोड पर सोमवार को कुरहुआ मोड़ के पास नगर निगम के डंपर ने ज्योति सोनी (36 वर्षीय) को रौंद दिया। अदलपुरा से शीतला माता मंदिर में दर्शन के बाद ज्योति देवर के साथ बाइक से लौट रही थी। हादसे के बाद चालक डंपर समेत भाग निकला। रोहनिया पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के माध्यम से आरोपी ड्राइवर की पहचान कर ली है।
जानकारी के अनुसार, वाराणसी के लंका थाना क्षेत्र स्थित डाफी के हनुमत नगर कॉलोनी निवासी आदित्य कुमार अपनी भाभी ज्योति सोनी को बाइक से लेकर अदलपुरा में शीतला माता मंदिर दर्शन करने गए थे। दर्शन के बाद दोनों बाइक से लौट रहे थे। खनाव गांव में कुरहुआ मोड़ के पास पहुंचे थे, तभी तेज रफ्तार डंफर ने टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही बाइक से ज्योति गिर पड़ी और डंपर के नीचे आ गई। डंपर से कुचलकर ज्योति की दुर्घटना स्थल पर ही तड़प-तड़प कर मौत हो गई। जबकि इस हादसे में ज्योति के देवर आदित्य कुमार घायल हो गए।
हादसे के बाद लोग जैसे ही स्थानीय लोगों की भीड़ जुटने लगी तभी चालक डंपर समेत भाग निकला। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची रोहनिया पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। ज्योति के पति सूरज कुमार मेडिकल स्टोर में काम करते हैं। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
