Connect with us

वाराणसी

महिला ने वार्डबॉय पर दुष्कर्म का लगाया आरोप

Published

on

वाराणसी। दीनदयाल अस्पताल में उपचार कराने आई एक महिला ने वार्डबॉय पर दुष्कर्म का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता ने पूरे मामले की लिखित शिकायत मुख्य चिकित्सा अधीक्षक (सीएमएस) से की, जिसमें कर्मचारी द्वारा लगातार प्रताड़ित किए जाने और उसी के दबाव में जहर खाकर आत्महत्या का प्रयास करने का भी उल्लेख किया गया है। बाद में परिजनों ने महिला को अस्पताल ले जाकर उसका उपचार कराया।

शिकायत के बाद सीएमएस डॉ. आर.एस. राम ने चार सदस्यीय जांच कमेटी गठित की। कमेटी ने जांच में वार्डबॉय सुनील तिवारी को दोषी पाया, जिसके बाद उसका वेतन रोक दिया गया। आरोपों के उजागर होने के बाद संबंधित कर्मचारी अस्पताल से फरार बताया जा रहा है।

जांच रिपोर्ट के आधार पर वार्डबॉय के खिलाफ विभागीय कार्रवाई शुरू करते हुए पूरा प्रकरण उच्चाधिकारियों को भेज दिया गया है। अस्पताल प्रशासन ने पीड़िता को पुलिस के पास जाकर प्राथमिकी दर्ज कराने की सलाह दी है।

पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया है कि वार्डबॉय ने उसका आपत्तिजनक वीडियो बनाकर धमकी दी थी। वहीं, सीएमएस डॉ. आर.एस. राम ने बताया कि जांच के दौरान दोनों पक्षों से पूछताछ की गई, लेकिन दोनों में से कोई भी संतोषजनक उत्तर नहीं दे पाया। महिला कोई साक्ष्य भी उपलब्ध नहीं करा सकी। उसे प्रकरण की औपचारिक शिकायत के लिए पुलिस को सूचित करने को कहा गया है।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page