वाराणसी
महिला डॉक्टर से 10 लाख की ठगी, मुकदमा दर्ज
वाराणसी। साइबर ठगों ने गिरफ्तारी और देशद्रोह का भय दिखाकर शहर की एक महिला डॉक्टर को अपने जाल में फंसा लिया। ठगों ने उन्हें डिजिटल अरेस्ट कर लगभग दस लाख रुपये की ठगी कर ली। पीड़िता की तहरीर पर जैतपुरा थाने में मुकदमा दर्ज कर पुलिस जांच में जुटी है।
संजय अपार्टमेंट, काटन मिल निवासी डा. अल्पना राय चौधुरी ने बताया कि 1 नवंबर को उनके मोबाइल पर एक वीडियो कॉल आई। कॉल करने वाला पुलिस की वर्दी में था और खुद को लखनऊ एटीएस इंस्पेक्टर रंजीत बताता हुआ बोला कि उनका नाम कश्मीर के पुलवामा आतंकी हमले की मनी लांड्रिंग में सामने आया है। आरोप लगाया कि उनके खाते में सात करोड़ रुपये आए, जिनमें से 70 लाख रुपये उन्होंने लिए हैं।
ठग ने धमकी दी कि मामला देशद्रोह का है, उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जाएगा और यह बात किसी को न बताएं, अन्यथा उसे भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा। हर आधे घंटे में खुद के सुरक्षित होने का मैसेज भेजने को कहा। अगले दो दिनों तक अलग-अलग नाम से पुलिस अधिकारी बनकर लगातार कॉल की जाती रही।
दहशत में आई पीड़िता से बैंक खातों की जानकारी लेकर उनमें मौजूद रकम की जांच के नाम पर खुद के संचालित खातों में पैसे ट्रांसफर कराए गए। शुरुआत में 5 हजार रुपये ट्रांसफर कराए गए। इसके बाद 4 नवंबर को फिर कॉल कर और रुपये भेजने को कहा गया।
डरी हुई डॉक्टर ने ठगों के निर्देश पर कुल दस लाख रुपये अलग-अलग बैंक खातों में ट्रांसफर कर दिए। ठगों द्वारा और रकम की मांग करने पर संदेह हुआ तो उन्होंने पूरी बात स्वजनों को बताई। इसके बाद परिजन की सलाह पर ऑनलाइन साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई।पुलिस साइबर ठगी के इस मामले की जांच कर रही है।
