अपराध
महिला की संदिग्ध मौत, परिजनों ने लगाया पति पर हत्या का आरोप
संतकबीर नगर। धनघटा थाना क्षेत्र के जगदीशपुर गांव में एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से इलाके में सनसनी फैल गई। गांव निवासी द्रौपदी का शव उसके घर में संदिग्ध हालात में मिलने से परिजनों में कोहराम मच गया और मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई।
सूचना मिलते ही धनघटा थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मौके का निरीक्षण कर आवश्यक पूछताछ की। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए खलीलाबाद स्थित मर्चरी हाउस भेज दिया। प्रारंभिक जांच के दौरान पुलिस ने आसपास के लोगों से भी जानकारी एकत्र की।
मंगलवार दोपहर लगभग एक बजे मर्चरी हाउस पहुंचे मायके पक्ष के परिजनों ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि मृतका के पति का किसी अन्य महिला से अवैध संबंध था। उनका आरोप है कि इसी संबंध के चलते द्रौपदी की सुनियोजित ढंग से हत्या की गई। परिजनों का कहना है कि मृतका को पूर्व से प्रताड़ित किया जा रहा था और उसने कई बार अपने साथ हो रहे व्यवहार की जानकारी परिवार को दी थी।
मामले में परिजनों ने धनघटा थाने में तहरीर देकर पति और कथित महिला मित्र के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि दोषियों की गिरफ्तारी तक वे न्याय के लिए संघर्ष करते रहेंगे।
उधर पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेंगे। तहरीर के आधार पर जांच शुरू कर दी गई है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए आगे की कार्रवाई की जा रही है।
