Connect with us

गोरखपुर

महिला का मंगलसूत्र छीनकर बदमाश फरार

Published

on

Loading...
Loading...

हड़बड़ी में आरोपी की चप्पल घटनास्थल पर छूटी

गोरखपुर। एम्स गोरखपुर थाना क्षेत्र के कुसम्ही जंगल में दिनदहाड़े महिला से लूट की वारदात ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। सुनसान मार्ग पर बदमाशों ने झपट्टा मारकर महिला के गले से मंगलसूत्र छीन लिया और फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।

जानकारी के अनुसार देवरिया जनपद की निवासी पूनम चौरसिया अपनी जेठानी के साथ बुढ़िया माता मंदिर से दर्शन कर वापस लौट रही थीं। दोनों महिलाएं जैसे ही कुसम्ही जंगल के सुनसान रास्ते पर पहुंचीं, पहले से घात लगाए बदमाशों ने उन्हें निशाना बना लिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक एक युवक पैदल उनके पास आया, जबकि उसका साथी कुछ दूरी पर मोटरसाइकिल लेकर खड़ा था।

अचानक पैदल आए बदमाश ने झपट्टा मारकर पूनम चौरसिया के गले से मंगलसूत्र खींच लिया। इससे पहले कि पीड़िता कुछ समझ पातीं, दोनों आरोपी मोटरसाइकिल पर सवार होकर तेज रफ्तार में मौके से भाग निकले। वारदात इतनी तेजी से अंजाम दी गई कि आसपास मौजूद लोग स्तब्ध रह गए और उन्हें पकड़ने का अवसर नहीं मिल सका।

घटना के दौरान हड़बड़ी में एक बदमाश की चप्पल घटनास्थल पर ही छूट गई, जिसे पुलिस ने साक्ष्य के रूप में कब्जे में ले लिया है। पीड़िता ने तत्काल 112 नंबर पर सूचना दी, जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

Advertisement

पुलिस ने जंगल के मार्गों पर सघन चेकिंग अभियान शुरू किया है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और संदिग्धों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। पीड़िता की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि कुसम्ही जंगल का मार्ग पूर्व में भी आपराधिक घटनाओं के लिए बदनाम रहा है। सुनसान रास्ता और नियमित गश्त की कमी के कारण राहगीरों में भय बना रहता है। लोगों ने पुलिस प्रशासन से सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ करने और नियमित पेट्रोलिंग की मांग की है। पुलिस अधिकारियों ने आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी का आश्वासन दिया है और पूरे क्षेत्र में सतर्कता बढ़ा दी गई है।

Continue Reading
Advertisement
Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page