मिर्ज़ापुर
“महिलाओं के हक और सम्मान के लिए सड़क से सदन तक लड़ेगी पार्टी” : मीरा देवी
मिर्जापुर। विश्व महिला दिवस के अवसर पर आम आदमी पार्टी मिर्जापुर ने जिला कार्यालय पर एक संगोष्ठी का आयोजन किया, जिसमें महिलाओं के अधिकार, सम्मान और सुरक्षा पर चर्चा हुई। इस मौके पर आम आदमी पार्टी महिला प्रकोष्ठ की जिला अध्यक्ष मीरा देवी पटेल ने कहा कि पार्टी महिलाओं के हक और सम्मान के लिए सड़क से सदन तक संघर्ष करेगी और उनके साथ हो रहे अन्याय, अत्याचार और शोषण के खिलाफ मजबूती से खड़ी रहेगी।
कार्यक्रम में प्रदेश सचिव एवं जिला प्रभारी सोनभद्र सुनील कुमार पांडे एडवोकेट, जिला अध्यक्ष प्रोफेसर बी. सिंह, और अन्य पदाधिकारियों ने महिलाओं को सम्मानित किया। इस अवसर पर मीरा देवी प्रजापति, आरती यादव, हीरावती देवी और सीता देवी का माल्यार्पण कर अभिनंदन किया गया। संगठन की मजबूती के लिए कमलेश कुमार भारती को पहाड़ी ब्लॉक का नया ब्लॉक अध्यक्ष नियुक्त किया गया।
अपने संबोधन में प्रदेश सचिव सुनील कुमार पांडे ने कहा कि महिला सम्मान और स्वाभिमान को बढ़ावा देने के लिए विश्व महिला दिवस मनाया जाता है। उन्होंने दिल्ली सरकार की मोदी गारंटी पर निशाना साधते हुए कहा कि दिल्ली की भाजपा सरकार महिलाओं के खातों में 2500 की सम्मान राशि देने के अपने वादे पर फेल हो गई और केवल खोखले वादे कर रही है।
जिला अध्यक्ष प्रोफेसर बी. सिंह ने कहा कि समाज में अब पुरुष और महिला में कोई भेदभाव नहीं किया जा सकता। महिलाएं परिवार के साथ-साथ समाज और देश के विकास में अहम भूमिका निभा रही हैं। आम आदमी पार्टी महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए सदैव तत्पर रहेगी और किसी भी प्रकार के अन्याय को सहन नहीं करेगी।
इस कार्यक्रम में सैकड़ों कार्यकर्ताओं की उपस्थिति रही, जिनमें दिलीप सिंह गहरवार, आरती यादव, संतोष सोनी, संतोष पांडे, कमल सिंह, राजू तिवारी, गुलाबचंद मौर्य, आनंद कुमार सिंह, श्रीकांत त्रिपाठी, छोटे लाल तिवारी, लखन पटवा, यासीन खान, राम अवध मौर्य, हरिशंकर शर्मा, रमेश कुमार मौर्य, राजबहादुर मौर्य आदि शामिल थे।
आम आदमी पार्टी ने इस अवसर पर महिलाओं को सम्मानित कर महिला सशक्तिकरण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई और यह संकल्प लिया कि हर स्तर पर महिलाओं के अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रहेगा।