मुम्बई
महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव से पहले राज्य में सुरक्षा एजेंसी सक्रिय
चुनाव को शांतिपूर्ण ढंग करने के लिए पुलिस हाई अलर्ट पर
मुंबई। महाराष्ट्र में विधानसभा चुनाव से पहले राज्य में सुरक्षा एजेंसियां सक्रिय हो गई हैं। खासकर आतंकी गतिविधियों पर नजर रखने के लिए सुरक्षा के इंतजाम कड़े कर दिए गए हैं ताकि चुनाव शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके। मुंबई पुलिस ने अलर्ट जारी किया है जिसमें चेतावनी दी गई है कि आतंकी तत्व ड्रोन, रिमोट कंट्रोल माइक्रो लाइट एयरक्राफ्ट, पैराग्लाइडर, पैरामोटर्स, हैंड ग्लाइडर और हॉट एयर बैलून जैसी चीजों का इस्तेमाल कर हमले कर सकते हैं।
इसके मद्देनजर पुलिस ने सभी महत्वपूर्ण स्थानों पर सुरक्षा बढ़ा दी है। उनका मानना है कि आतंकवादी या शरारती तत्व भीड़भाड़ वाले स्थानों या सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचा सकते हैं इसलिए इन वस्तुओं के उपयोग पर फिलहाल रोक लगा दी गई है।
इसके अलावा होटल, गेस्ट हाउस और लॉज के संचालकों को भी निर्देश दिया गया है कि किसी संदिग्ध व्यक्ति के आने पर उसके दस्तावेजों की जांच करें और संदेह होने पर पुलिस को सूचित करें।राज्य में विधानसभा चुनाव की प्रक्रिया जारी है आचार संहिता लागू है और 20 नवंबर को एक ही चरण में सभी 288 सीटों पर चुनाव होना है।
नामांकन दाखिल करने की अंतिम तारीख 29 अक्टूबर है जबकि परिणाम 23 नवंबर को घोषित किए जाएंगे। राज्य में विभिन्न नेताओं की रैलियां और सभाएं भी आयोजित होनी हैं जिस कारण पुलिस सुरक्षा को लेकर विशेष सतर्कता बरत रही है।
