वाराणसी
महापौर ने कपड़े के थैले बांटकर काशी को पॉलीथिन मुक्त बनाने का लिया संकल्प
वाराणसी। नगर निगम काशी को स्वच्छ और पूरी तरह पॉलीथिन मुक्त बनाने की दिशा में लगातार प्रयास कर रहा है। इसी क्रम में शनिवार को महापौर अशोक कुमार तिवारी ने शहर के प्रमुख इलाकों का सघन निरीक्षण किया। आगामी महाशिवरात्रि पर्व को देखते हुए उन्होंने दशाश्वमेध, श्री काशी विश्वनाथ मंदिर और महामृत्युंजय महादेव मंदिर क्षेत्रों में साफ-सफाई की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
इस दौरान महापौर ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि पर्व से पहले सभी प्रमुख मंदिर परिसरों में स्वच्छता व्यवस्था को पूरी तरह दुरुस्त किया जाए तथा पूरे क्षेत्र में चूने का छिड़काव सुनिश्चित किया जाए।
निरीक्षण के दौरान महापौर ने मंदिरों के आसपास माला-फूल और प्रसाद बेचने वाले दुकानदारों से संवाद किया। उन्होंने व्यापारियों से प्रतिबंधित सिंगल यूज प्लास्टिक के थैलों का उपयोग न करने की अपील की। पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए महापौर ने स्वयं विक्रेताओं के बीच एक हजार से अधिक कपड़े के थैलों का वितरण किया। उन्होंने कहा कि प्लास्टिक का त्याग केवल एक नियम नहीं, बल्कि बाबा की नगरी को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने के लिए सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
मंदिर क्षेत्रों के निरीक्षण के बाद महापौर मैदागिन स्थित कंपनी गार्डन पहुंचे। वहां जगह-जगह बिखरे सूखे पत्तों और गंदगी को देखकर उन्होंने संबंधित कर्मचारियों पर नाराजगी जताई। साथ ही पार्क परिसर में पेयजल पाइप में हो रही लीकेज को तत्काल ठीक कराने के निर्देश दिए, ताकि जल की बर्बादी रोकी जा सके।
इस मौके पर पार्षद सुरेश चौरसिया, इर्देश कुमार, श्रवण कुमार गुप्ता, संजय कुमार गुजराती, अपर नगर आयुक्त सविता यादव सहित नगर निगम के कई अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
