मिर्ज़ापुर
महजूदा स्वास्थ्य केंद्र में लापरवाही पर कड़ी कार्रवाई, दुर्गागंज केंद्र में मिली संतोषजनक व्यवस्थाएं

मिर्जापुर। मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेला के अंतर्गत स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए रविवार को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र महजूदा और दुर्गागंज का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान महजूदा केंद्र पर कर्मचारियों की अनुपस्थिति और सुरक्षा व्यवस्था में लापरवाही पाई गई, जबकि दुर्गागंज में सभी कर्मचारी ड्यूटी पर उपस्थित मिले।
महजूदा केंद्र पर सुबह 10:40 बजे निरीक्षण के समय डेंटल सर्जन डॉ. श्रुति कीर्ति और आयुष चिकित्साधिकारी डॉ. सुभाष बिंद मेला ड्यूटी से अनुपस्थित पाए गए। कर्तव्य में लापरवाही मानते हुए दोनों चिकित्सकों का अप्रैल माह का 7 दिनों का वेतन अग्रिम आदेशों तक रोक दिया गया। इसके साथ ही वार्ड ब्वाय विनय कुमार की अनुपस्थिति पर भी समान कार्रवाई की गई।
निरीक्षण के दौरान प्रसव कक्ष में खुली वायरिंग और मेंन बॉक्स जैसे गंभीर सुरक्षा जोखिम पाए गए, जिनके सुधार के लिए तत्काल निर्देश जारी किए गए। यह लापरवाही स्वास्थ्य सेवाओं की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करती है।
वहीं, 11:35 बजे प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र दुर्गागंज का निरीक्षण करते समय सभी कर्मचारी समय से उपस्थित पाए गए। अधोहस्ताक्षरी ने केंद्र को बिजली से संबंधित तकनीकी खामियों को जल्द सुधारने के निर्देश दिए।
स्वास्थ्य विभाग की यह सक्रियता आरोग्य मेले की सफलता और आम जनता को बेहतर सेवाएं प्रदान करने की प्रतिबद्धता को दर्शाती है।