Connect with us

मुम्बई

मनोज कुमार ने दुनिया को कहा अलविदा, पीएम मोदी समेत कई दिग्गजों ने जताया शोक

Published

on

मुंबई। भारतीय सिनेमा के प्रतिष्ठित अभिनेता और देशभक्ति फिल्मों के पर्याय बन चुके मनोज कुमार का 87 वर्ष की आयु में निधन हो गया है। उन्हें मुंबई के कोकिलाबेन धीरूभाई अंबानी अस्पताल में कुछ समय से भर्ती रखा गया था, जहां शुक्रवार सुबह उन्होंने अंतिम सांस ली।

मनोज कुमार, जिन्हें उनके प्रशंसक ‘भारत कुमार’ के नाम से जानते थे, ने दशकों तक भारतीय सिनेमा को बेहतरीन देशभक्ति फिल्मों से समृद्ध किया। उनकी फिल्मों ने न सिर्फ दर्शकों को मनोरंजन दिया, बल्कि देशप्रेम की भावना भी जगाई।

चिकित्सकीय रिपोर्ट्स के अनुसार, उनके निधन का मुख्य कारण हृदय संबंधी जटिलताएं और डीकंपेन्सेटेड लिवर सिरोसिस बताया गया है।

फिल्मों में योगदान

Advertisement

मनोज कुमार ने शहीद (1965), उपकार (1967), पूरब और पश्चिम (1970), रोटी कपड़ा और मकान (1974) और क्रांति (1981) जैसी कई सुपरहिट फिल्में दीं। उपकार जैसी फिल्मों को उन्होंने स्वयं निर्देशित भी किया था।

सम्मान और पुरस्कार

अपने फिल्मी करियर के दौरान उन्हें कई सम्मान प्राप्त हुए, जिनमें 1992 का पद्मश्री और 2016 में भारत सरकार द्वारा दिया गया दादा साहब फाल्के पुरस्कार शामिल है। इसके अलावा उन्होंने सात फिल्मफेयर अवॉर्ड और एक राष्ट्रीय पुरस्कार भी जीता। उनका असली नाम हरिकिशन गिरि गोस्वामी था। लेकिन देशभक्ति से परिपूर्ण फिल्मों में उनके प्रभावशाली किरदारों के कारण उन्हें ‘भारत कुमार’ की उपाधि मिली।

उनके निधन पर कई फिल्मी हस्तियों और प्रशंसकों ने सोशल मीडिया पर श्रद्धांजलि दी है। फिल्म निर्माता अशोक पंडित ने उन्हें ‘हमारी प्रेरणा’ बताते हुए उनके निधन को फिल्म उद्योग के लिए एक अपूरणीय क्षति बताया।

प्रधानमंत्री ने अभिनेता के निधन पर जताया शोक
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को हिन्दी सिनेमा के दिग्गज अभिनेता मनोज कुमार (87) के निधन पर शोक व्यक्त किया। पीएम मोदी ने कहा कि देश हमेशा उन्हें उनकी देशभक्ति के लिए याद करेगा।

Advertisement

पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर मनोज कुमार संग खींची गई तस्वीर साझा करते हुए लिखा, “महान अभिनेता और फिल्मकार मनोज कुमार के निधन से बहुत दुख हुआ। वे भारतीय सिनेमा के प्रतीक थे, जिन्हें खास तौर पर उनकी देशभक्ति और उनके जोश के लिए याद किया जाता था, जो उनकी फिल्मों में भी झलकता था। मनोज जी के कामों ने राष्ट्रीय गौरव की भावना को जगाया और वे पीढ़ियों को प्रेरित करते रहेंगे। इस दुख की घड़ी में मेरी संवेदनाएं उनके परिवार और प्रशंसकों के साथ हैं। ओम शांति।”

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page