अपराध
मनबढ़ ऑटो चालकों ने सिपाही को पीटा, एक आरोपी गिरफ्तार
वाराणसी। पुलिस ऑफिस में तैनात कांस्टेबल शैलेश गौड़ को गुरुवार की दोपहर में पांडेयपुर चौराहे पर कुछ मनबढ़ ऑटो चालकों ने पीट दिया। सिपाही शैलेश गौड़ की तहरीर पर लालपुर पांडेयपुर थाने में मुकदमा दर्ज कर पुलिस मनबढ़ ऑटो चालकों की तलाश में जुटी है।

जानकारी के अनुसार, वाराणसी के पुलिस ऑफिस में तैनात कांस्टेबल शैलेश गौड़ सादे वेश में सारनाथ किसी काम से गये थे। लौटते वक्त ऑटो से पांडेयपुर आये और पैदल ही पुलिस लाइन जा रहे थे। तभी एक ऑटो चालक हाथ पकड़कर सिपाही को ऑटो में बैठाने लगा। सिपाही के आपत्ति जताने पर ऑटो चालक ने गाली-गलौज शुरू कर दी। मारपीट पर आमादा हो गया। तब तक दो-चार और ऑटो चालक आ गये। लामबंद होकर सिपाही के साथ मारपीट शुरू कर दी। सूचना पर पांडेयपुर चौकी प्रभारी संतोष यादव पहुंचे और एक ऑटो चालक को पकड़ लिया। बाकी भागने में सफल रहें।
