वायरल
मथुरा रिफाइनरी में धमाके से आग, 10 से अधिक लोग झुलसे
उत्तर प्रदेश के मथुरा में आगरा-दिल्ली राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित एक रिफाइनरी में मंगलवार शाम भीषण आग लग गई, जिसमें 10 से अधिक लोग झुलस गए। पुलिस के अनुसार, इस घटना की सूचना पर दमकलकर्मी तुरंत आग बुझाने में जुट गए। बताया जा रहा है कि इस आगजनी में करीब 10 से 12 लोग घायल हुए हैं।
सबसे पहले सभी को रिफाइनरी नगर के अस्पताल में ले जाया गया जहां कुछ लोगों का इलाज स्थानीय स्तर पर किया गया, लेकिन चार लोगों की हालत गंभीर होने पर उन्हें शहर के एक निजी अस्पताल में रेफर कर दिया गया।इस धमाके के समय रिफाइनरी की मुख्य इकाई में जोरदार धमाके के साथ आग भड़क उठी जब लगभग डेढ़ माह के अंतराल के बाद इकाई को दोबारा चालू किया जा रहा था।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आग इतनी भीषण थी कि उसकी लपटें कई किलोमीटर दूर से भी देखी जा सकती थीं। धमाके की आवाज दूर तक सुनाई दी जिससे लोग भयभीत हो गए।सुरक्षा कारणों से पुलिस ने रिफाइनरी के सामने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग पर वाहनों की आवाजाही को अस्थायी रूप से रोक दिया था।
रिफाइनरी थाना प्रभारी निरीक्षक सोनू कुमार ने पुष्टि की कि घटना रात करीब साढ़े आठ-नौ बजे के बीच हुई। मथुरा रिफाइनरी प्रशासन ने फिलहाल इस मामले में कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया है।
