Connect with us

वाराणसी

मजदूरों के बीच स्नेह सहभोज के साथ मनाया गया प्रियंका गांधी वाड्रा का जन्मदिन

Published

on

वाराणसी। कांग्रेस पार्टी की राष्ट्रीय महासचिव एवं सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा का जन्मदिन कैंट विधानसभा युवा कांग्रेस ने सेवा, संघर्ष और जनहित के संकल्प के साथ मनाया। दुर्गाकुंड गुरुधाम चौराहे पर आयोजित कार्यक्रम में मजदूरों और श्रमिक भाइयों के साथ स्नेह सहभोज किया गया, जहां केक काटकर तहरी और लड्डू का वितरण किया गया। इस अवसर पर प्रियंका गांधी वाड्रा के संघर्षशील राजनीतिक जीवन को स्मरण करते हुए उनकी जनपक्षधर भूमिका पर चर्चा की गई और जन्मदिन की खुशियां साझा की गईं।

कार्यक्रम के दौरान मजदूरों से जुड़े वर्तमान मुद्दों पर विस्तार से संवाद हुआ, जिसमें मनरेगा को लेकर सरकार की नीतियों पर सवाल उठाए गए। “मनरेगा बचाओ महासंग्राम” के अंतर्गत प्रस्तावित आंदोलनों की जानकारी देते हुए जनविरोधी नीतियों के खिलाफ संघर्ष को और तेज करने का आह्वान किया गया।

मुख्य अतिथि महानगर कांग्रेस अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे ने कहा कि मजदूर भाइयों के बीच प्रियंका गांधी का जन्मदिन मनाकर कांग्रेस ने यह स्पष्ट संदेश दिया है कि पार्टी की राजनीति सत्ता केंद्रित नहीं, बल्कि संघर्ष और सेवा पर आधारित है। उन्होंने कहा कि प्रियंका गांधी ने किसानों, मजदूरों, महिलाओं और वंचित वर्गों की आवाज़ को सड़क से संसद तक मजबूती से उठाया है और उनका साहस कार्यकर्ताओं के लिए निरंतर प्रेरणा का स्रोत है।

महानगर युवा कांग्रेस अध्यक्ष चंचल शर्मा ने कहा कि प्रियंका गांधी वाड्रा का जन्मदिन केवल एक उत्सव नहीं, बल्कि उनके संघर्ष और जनपक्षधर राजनीति का प्रतीक है। उन्होंने बताया कि युवा कांग्रेस मनरेगा बचाओ महासंग्राम को जन-जन तक पहुंचाने और हर अन्याय के खिलाफ मजबूती से खड़े रहने का संकल्प लेती है।

कैंट विधानसभा युवा कांग्रेस अध्यक्ष धीरज सोनकर ने कहा कि प्रियंका गांधी का पूरा राजनीतिक जीवन संघर्ष और संवेदना का प्रतीक रहा है। मजदूरों और गरीबों के अधिकारों के लिए उनका निरंतर संघर्ष आज भी प्रेरणा देता है और युवा कांग्रेस उनके इस संघर्ष को आगे बढ़ाने के लिए निर्णायक आंदोलन करेगी।

Advertisement

कार्यक्रम का नेतृत्व महानगर युवा कांग्रेस अध्यक्ष चंचल शर्मा ने किया, अध्यक्षता कैंट विधानसभा अध्यक्ष युवा कांग्रेस धीरज सोनकर ने की तथा संचालन वाराणसी युवा कांग्रेस प्रभारी अर्शिया ख़ान ने किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में युवा कांग्रेस कार्यकर्ता, मजदूर और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे। सभी ने प्रियंका गांधी वाड्रा की दीर्घायु की कामना करते हुए मनरेगा सहित तमाम जनहित के मुद्दों पर एकजुट होकर संघर्ष करने का संकल्प दोहराया।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page