मऊ
मऊ में 97 नयी आशाओं का चयन
शहरी स्वास्थ्य व्यवस्था को मिलेगी नयी
मऊ (जयदेश)। जिले में शहरी स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने के लिए एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। 97 नई आशाओं का चयन कर उन्हें शहरी स्वास्थ्य प्रणाली का हिस्सा बनाया जा रहा है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राहुल सिंह ने बताया कि इन आशाओं को तीन चरणों में प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
पहले चरण में 32 आशाओं का प्रशिक्षण पूरा हो चुका है जबकि बाकी आशाओं का प्रशिक्षण जनवरी के पहले सप्ताह तक पूरा होने की उम्मीद है।सीएमओ ने बताया कि आशा कार्यकर्ता स्वास्थ्य विभाग और जनता के बीच एक मजबूत कड़ी का काम करती हैं।
वे गर्भवती महिलाओं और बच्चों के टीकाकरण, राष्ट्रीय स्वास्थ्य योजनाओं के प्रचार-प्रसार और बीमार व्यक्तियों को चिकित्सा सेवाओं तक पहुंचाने जैसे कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाती हैं। साथ ही, प्रसव से जुड़ी सेवाओं की सुविधा उपलब्ध कराने में भी उनका योगदान अहम है।
स्वास्थ्य विभाग के एआरओ सुनील सिंह ने कहा कि आशा कार्यकर्ता साफ-सफाई और रोगों से बचाव के प्रति जागरूकता फैलाने से लेकर घर-घर सर्वे और टीकाकरण अभियान में गर्भवती महिलाओं और बच्चों को शामिल करने का काम करती हैं।
इस पहल से न केवल स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच बेहतर होगी, बल्कि जिले के नागरिकों का स्वास्थ्य स्तर भी सुधरेगा। यह कदम शहरी स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत बनाने की दिशा में एक अहम प्रयास साबित हो रहा है।
