अपराध
भैंस के चक्कर में चली गोली, एक गिरफ्तार
जौनपुर। जिले के सिकरारा थाना क्षेत्र के समसपुर खपरहां गांव में रविवार को भैंस चराने के विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। जिसमें सूरज चौबे (24), पुत्र अमृस चौबे को गोली मार दी गई। घटना के अनुसार, भैंस चराने को लेकर शुरू हुई कहासुनी जल्द ही गंभीर झगड़े में बदल गई। विवाद इतना बढ़ गया कि एक पक्ष ने गुस्से में आकर गोली चला दी, जिससे सूरज चौबे की कमर में गोली लग गई और वह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा।
घटना के बाद स्थानीय लोग और परिजन सूरज को तत्काल नजदीकी अस्पताल ले गए। प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां उसकी हालत में सुधार हो रहा है।
इस मामले में क्षेत्राधिकारी (सदर) प्रमानन्द कुशवाहा ने बताया कि पीड़ित के पिता अमृस चौबे की शिकायत पर एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित की गई है और जल्द ही उन्हें भी पकड़ा जाएगा। घटना के बाद गांव के लोगों में भय का माहौल व्याप्त है, जिसे देखते हुए कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात किया गया है ताकि स्थिति को नियंत्रण में रखा जा सके और किसी अन्य अप्रिय घटना की संभावना को टाला जा सके।
