मऊ
भैंसही नदी के जीर्णोद्धार का हुआ शुभारंभ
मऊ। जनपद में भैंसही नदी के जीर्णोद्धार के कार्य की शुरुआत विकासखंड रानीपुर के ग्राम पंचायत रसूलपुर में हुई। पूर्व विधान परिषद सदस्य यशवंत सिंह ने लगभग 5000 स्थानीय लोगों के साथ श्रमदान कर इस महत्वपूर्ण कार्य का शुभारंभ किया।

भैंसही नदी 31 ग्राम पंचायतों से गुजरती है और इसकी कुल लंबाई 42 किलोमीटर है। यह नदी आजमगढ़ से होकर जनपद में प्रवेश करती है और गाजीपुर जनपद के रकौली ग्राम पंचायत से निकलती है।

इस नदी के जीर्णोद्धार कार्य में जिला प्रशासन पूरी तरह से संकल्पित है और यह कार्य मनरेगा के तहत किया जाएगा। इस कार्य में करीब तीन महीने का समय लगेगा।
पूर्व एमएलसी यशवंत सिंह ने बताया कि पुराने समय में गांवों में पोखरों, तालाबों और सड़कों का निर्माण श्रमदान के माध्यम से किया जाता था। उन्होंने स्थानीय लोगों से अपील की कि वे भी इस नदी के जीर्णोद्धार में अधिक से अधिक श्रमदान करें, ताकि नदी में हर समय जल प्रवाह बना रहे।
मुख्य विकास अधिकारी प्रशांत नागर ने बताया कि जिला प्रशासन ने इस नदी के जीर्णोद्धार के लिए पूरी तैयारी कर ली है, जिससे यह नदी सदानीरा बनी रहे। जीर्णोद्धार के बाद नदी के दोनों किनारों पर बड़े पैमाने पर वृक्षारोपण भी किया जाएगा।
इस अवसर पर विकासखंड रानीपुर और आसपास के कई ग्राम पंचायतों के लोग उपस्थित रहे।साथ ही, इस कार्यक्रम में कई प्रमुख अधिकारी और जनप्रतिनिधि भी मौजूद थे, जिनमें ब्लॉक प्रमुख रमेश कनौजिया, सोनी राज, डीसी मनरेगा उपेंद्र पाठक, खंड विकास अधिकारी रानीपुर और ग्राम प्रधान शामिल थे।
