वाराणसी
भारत अगले 5 साल में बनेगा दुनिया की तीसरी बड़ी महाशक्ति : नरेंद्र मोदी
विपक्ष पर मोदी का बड़ा हमला, कहा काशी के युवकों को नशेड़ी कहते हैं कांग्रेस के युवराज
काशी और अयोध्या से चलेंगे छोटे-छोटे इलेक्ट्रिक विमान
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को एक बार फिर काशीवासियों को 13000 करोड़ से अधिक की सौगात दी। उन्होंने जहां करखियांव में अमूल की बनास डेयरी को जनता को समर्पित किया। वहीं 11000 करोड़ की नई परियोजनाओं का लोकार्पण और 2200 करोड़ से अधिक की परियोजनाओं का शिलान्यास किया।इस दौरान वह अपने उद्बोधन में बीच-बीच में काशीवासियों के मिजाज के हिसाब से भोजपुरी में संबोधन करते रहें। प्रधानमंत्री ने कहा कि, “काशी की धरती पर आप लोगन के बीच एक बार फिर आवे क मौका मिलल हो। जब तक हम बनारस ना आईला तब तक हमार मन मिजाज बेचैन रहेला। आप लोगन हम के 10 साल पहले बनारस के सांसद बनउले रहलेन, आपके आशीर्वाद से हम गदगद हई”।

पीएम मोदी ने आगे कहा कि, “हमने अपने दो कार्यकाल के दौरान नित्य देश और काशी को नूतन बनाने का काम किया है। नई परियोजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास से काशी के साथ-साथ पूर्वी भारत का भी विकास होगा और इसे गति मिलेगी। वाराणसी से औरंगाबाद सिक्स लेन का पहले चरण का काम पूरा हो चुका है। इससे बिहार, पश्चिम बंगाल और झारखंड से काशी से दूरी आधा हो जाएगी। आने वाले 5 वर्षों में खेलों के क्षेत्र में भी भारत और खास कर काशी दुनिया की बड़ी शक्ति होगी”। उन्होंने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि, इंडी गठबंधन, यूपी और काशी के लोगों का लगातार अपमान कर रहा है। राम मंदिर को लेकर यह कैसी-कैसी बातें करते हैं ? मैं नहीं जानता कि कांग्रेस के लोगों को प्रभु श्री राम से इतनी नफरत क्यों है ? यह हर बार चुनाव के पहले अपना गठबंधन बनाते हैं, लेकिन जब नतीजा सिफर आता है तो अलग हो जाते हैं। ई बनारस हव, ईहां सब गुरु हो। यहां इंडी गठबंधन का खेल चले वाला नहीं हो”।

“यहां इनको इस बार अपनी जमानत बचाने के लिए संघर्ष करना पड़ेगा। अबकी बार हर लाभार्थी को मोदी की गारंटी है। उसे परियोजनाओं का लाभ मिलेगा, नौकरियों का लाभ मिलेगा और रोजगार के अवसर भी उपलब्ध होंगे। मोदी का तीसरा कार्यकाल दुनिया में सबसे प्रचंड काल होगा। हर क्षेत्र में भारत नई बुलंदी पर होगा। आने वाले 5 वर्षों में भारत दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी आर्थिक महाशक्ति बनेगा”।पीएम ने अपना सम्बोधन जारी रखते हुए आगे कहा कि, “छोटी-छोटी शक्तियों के जागने से ही देश आत्मनिर्भर बनेगा। हर छोटे किसान और उद्यमी का मोदी ब्रांड एंबेसडर है। विश्वनाथ कॉरिडोर के पुनर्निर्माण से अब तक काशी में 12 करोड़ लोग आ चुके हैं और दर्शन पूजन कर चुके हैं। यह संख्या आने वाले दिनों में और बढ़ने वाली है”।


प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कांग्रेस को एक बार फिर निशाने पर लेते हुए कहा कि, “उसके युवराज काशी के युवकों को नशेड़ी कहते हैं। जिनके अपने ठौर ठिकाने नहीं वह मेरे काशी के बच्चों को नशेड़ी कहते हैं। आज तक परिवारवाद, भ्रष्टाचार और तुष्टिकरण की राजनीति में यूपी को पीछे रखा, लेकिन आज उत्तर प्रदेश बदल रहा है।
इसके पूर्व बनास डेरी के अध्यक्ष शंकर भाई चौधरी और प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रधानमंत्री का काशी की धरती पर स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि, “अयोध्या में राम मंदिर के भव्य निर्माण और रामलला की प्रतिमा में प्राण प्रतिष्ठा के बाद प्रधानमंत्री का अपने संसदीय क्षेत्र में यह पहला आगमन है। 500 वर्षों का इंतजार खत्म हुआ, रामलला अपने घर में विराजमान हो गए हैं। यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी की दूरदर्शिता और उनके नेतृत्व का फल है जिसे भारत प्राप्त कर रहा है।
उन्होंने आगे कहा कि, “प्रधानमंत्री अब तक 45000 करोड़ की परियोजनाओं की सौगात काशीवासियों को दे चुके हैं। बनास डेरी के निर्माण पर 650 करोड रुपए की लागत आई है। इसका क्षेत्रफल 30 एकड़ में फैला है। इससे बनारस और आसपास के जिलों के दुग्ध उत्पादकों को काफी लाभ होगा”।
