Connect with us

वाराणसी

भारतीय हॉकी टीम की जीत के बाद ललित उपाध्याय के घर और ससुराल में जश्न का माहौल

Published

on

बहन बोली – भैया ने दे दिया राखी का गिफ्ट

ललित वाराणसी के पहले खिलाड़ी बन गए जिसने दो ओलम्पिक में जीता पदक

वाराणसी। भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने पेरिस ओलंपिक में स्पेन को 2-1 से हराकर कांस्य पदक जीत लिया है। हरमनप्रीत सिंह की अगुवाई में भारतीय हॉकी टीम ने पेरिस ओलंपिक में शानदार खेल दिखाया। कांस्य पदक जीतने पर भारतीय हॉकी खिलाड़ी ललित उपाध्याय के परिजनों ने खुशी जताई। भारत की जीत के बाद ललित उपाध्याय के घर जश्न मनाया गया। एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर बधाई दी गई और पटाखे चलाए गए।

बहुत रोमांचक मैच था – बहन

Advertisement

ललित उपाध्याय की बहन ने कहा कि, भाई ने राखी पर गिफ्ट दे दिया। हमने सेमीफाइनल की हार के बाद उम्मीद खो दी थी, लेकिन अब यह बहुत बड़ी जीत मिली है। यह बहुत रोमांचक मैच था, जिसमें स्पेन को अंतिम क्षणों में भी दो पेनल्टी कॉर्नर मिले। आखिरकार भारत जीत गया।

मां की आंखों में खुशी के आंसू, पिता हुए भावुक –

ललित उपाध्याय की मां की आंखों से खुशी के आंसू नहीं रुक रहे थे। उन्होंने कहा कि सेमीफाइनल मैच में हार के बाद मन बहुत दुखी है, लेकिन अब यह खुशी के आंसू हैं कि भारतीय हॉकी टीम खाली हाथ नहीं आ रही है। जबकि ललित उपाध्याय के पिता ने कहा कि, मैच की खुशी शब्दों में नहीं जता सकता हूं। सेमीफाइनल की हार के बाद मेरा पूरा परिवार चिंता में था। इन लड़कों ने इतनी मेहनत की है कि सेमीफाइनल मैच जीतना चाहिए था, लेकिन हम अब जीत गए हैं और हमारी खुशी बरकरार है। टीम कम से कम खाली हाथ नहीं आ रही है।

इस खास मौके पर ललित उपाध्याय के घर जमकर खुशी मनाई गई। एक-दूसरे को मिठाई खिलाई और तिरंगा फहराकर अपने जश्न का इजहार किया। परिवार के लोग बेहद भावुक दिखे। ललित उपाध्याय के घर में दिवाली जैसा माहौल रहा।

Advertisement

ललित के ससुराल में भी मना जश्न –

ललित के बिस्टौली बुजुर्ग स्थित ससुराल में भी लोग जश्न में डूबे हैं। ललित उपाध्याय की शादी इसी वर्ष 29 जनवरी को गोरखपुर के बेलीपार क्षेत्र के बिस्टौली बुजुर्ग गांव निवासी दीक्षा तिवारी से हुई है। शादी समारोह वाराणसी में ही आयोजित था। दीक्षा भी राष्ट्रीय स्तर की हॉकी खिलाड़ी हैं।दीक्षा इस समय एनसीआर, प्रयागराज में नियुक्त हैं। दीक्षा की मां प्रियंवदा त्रिपाठी बास्केटबॉल की राष्ट्रीय स्तर की खिलाड़ी रही हैं। वर्तमान में पूर्वोत्तर रेलवे के प्रमुख मुख्य सामग्री प्रबंधक कार्यालय में कार्यालय अधीक्षक हैं। एनई रेलवे के अधिकारियों और कर्मचारियों ने भी ललित की सास प्रियंवदा को फोन कर शुभकामनाएं दीं।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page