अपराध
भाभी के प्यार में भाई की हत्या, बागेश्वर धाम में सेवादार बनकर छिपे आरोपी
इस तरह आये पुलिस की पकड़ में…..
कानपुर में एक महिला ने अपने देवर के साथ मिलकर अपने पति की निर्मम हत्या कर दी और दोनों फरार हो गए। बिधनू थाना क्षेत्र के खेरसा गांव में 24 अप्रैल की रात पूनम नामक महिला ने अपने देवर मनोज अवस्थी के साथ मिलकर अपने पति दिनेश अवस्थी की चाकू से हत्या कर दी। दिनेश ने पत्नी पूनम और देवर मनोज को आपत्तिजनक स्थिति में देख लिया था, जिसके बाद उन दोनों ने मिलकर उसे मारने की साजिश रची।
हत्या के बाद पूनम और मनोज ने दिनेश के शव के हाथ-पैर बांधकर तालाब में फेंक दिया। 26 अप्रैल को शव तालाब में दिखने लगा, जिसके बाद मनोज ने उसे फिर से दबाने की कोशिश की। कुछ ग्रामीणों ने मनोज को तालाब के पास संदिग्ध स्थिति में देखा और पुलिस को सूचित कर दिया। इसके बाद दिनेश के छोटे भाई अशनी ने पुलिस में अपनी भाभी पूनम और भाई मनोज के खिलाफ हत्या का शक जताते हुए एफआईआर दर्ज कराई।

बागेश्वर धाम में सेवादार बनकर छिपे आरोपी
पुलिस की तफ्तीश जारी रही, लेकिन पूनम और मनोज का कोई सुराग नहीं मिल पाया। इस बीच पुलिस ने उनके फोन को सर्विलांस पर रखा। जब दोनों ने मोबाइल एक्टिव किया तो पुलिस को उनकी लोकेशन मध्यप्रदेश के बागेश्वर धाम में मिली।
शनिवार शाम पुलिस ने बागेश्वर धाम आश्रम में दबिश देकर पूनम और मनोज को गिरफ्तार कर लिया। दोनों ने धाम में सेवादार बनकर खुद को छिपाने की कोशिश की थी। पुलिस ने दोनों को जेल भेज दिया और इस जघन्य हत्याकांड का पर्दाफाश किया।
