Connect with us

वाराणसी

भाजपा पार्षद की चाची से बदमाशों ने छीनी सोने की चेन, पुलिस की कार्यशैली पर उठे सवाल

Published

on

वाराणसी। चितईपुर थाना क्षेत्र स्थित महामनापुरी कॉलोनी (नासिरपुर) में सोमवार सुबह पार्क से टहलकर लौट रहीं ब्रजबाला देवी के गले से बाइक सवार बदमाशों ने सोने की चेन छीन ली। छीनाझपटी के दौरान धक्का-मुक्की में ब्रजबाला सड़क पर गिरकर घायल हो गईं।

पीड़िता ब्रजबाला देवी, भाजपा के करौंदी वार्ड के सभासद श्यामभूषण शर्मा की चाची हैं। घटना के बाद परिजन व स्थानीय भाजपा कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे और पुलिस प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई। लोगों ने बदमाशों की शीघ्र गिरफ्तारी और पुलिस की लापरवाही पर कड़ी कार्रवाई की मांग की।

मिली जानकारी के मुताबिक, ब्रजबाला देवी सुबह कॉलोनी के पार्क में टहलने के बाद अपने घर लौटी थीं। वह दरवाजे पर चाचा से बातचीत कर रही थीं कि तभी हेलमेट लगाए एक बाइक सवार दाहिनी ओर से धीरे-धीरे आता दिखा। साथ ही, गमछे से चेहरा ढंके एक युवक ने बाईं ओर से आकर ब्रजबाला से मुकेश शर्मा का घर पूछने का बहाना किया। बातचीत के दौरान जैसे ही ब्रजबाला ने दूसरी ओर देखा, नकाबपोश बदमाश ने उनके गले से करीब दस ग्राम वजनी सोने की चेन झपट ली। शोर मचाते हुए बदमाश अपने साथी की बाइक पर सवार होकर फरार हो गया। घटना के बाद पड़ोसियों ने पीछा करने का प्रयास भी किया, लेकिन बदमाश तेजी से कॉलोनी पार्क के रास्ते भाग निकले।

पीड़िता के पति ब्रजभूषण शर्मा ने पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए बताया कि घटना के बाद कई बार महिला थाना प्रभारी को फोन मिलाया गया, लेकिन फोन नहीं उठाया गया। काफी देर बाद कंट्रोल रूम से पहुंचे दो पुलिसकर्मियों ने पूछताछ की। थानाध्यक्ष चितईपुर निकिता सिंह ने बताया कि पार्षद द्वारा दी गई तहरीर के आधार पर अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। हालांकि, फुटेज में बदमाश तो नजर आए हैं, लेकिन बाइक का नंबर स्पष्ट नहीं हो पाया है।

Advertisement

दिनदहाड़े हुई इस वारदात के बाद कॉलोनी की महिलाओं में दहशत का माहौल है। महिलाओं ने पुलिस से गश्त बढ़ाने और सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। बताया गया कि नोची गई चेन की कीमत लगभग एक लाख रुपये है।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa