Connect with us

मिर्ज़ापुर

भाजपा ने ‘काला दिवस’ पर कांग्रेस पर बोला हमला

Published

on

Loading...
Loading...

आपातकाल के 50 वर्ष पूरे होने पर गोष्ठी और प्रदर्शनी का आयोजन

बरौधा कचार (मिर्जापुर)। भारतीय जनता पार्टी ने आज 25 जून 1975 को लगे आपातकाल के 50 वर्ष पूरे होने पर ‘काला दिवस’ के रूप में याद करते हुए जिला कार्यालय बरौधा कचार में प्रेस वार्ता, चित्र प्रदर्शनी और गोष्ठी का आयोजन किया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा जिला उपाध्यक्ष दिनेश प्रताप सिंह ने की, वहीं मुख्य वक्ता के रूप में भाजपा प्रदेश मंत्री एवं चंदौली प्रभारी अनामिका चौधरी और विशिष्ट अतिथि के तौर पर क्षेत्रीय महामंत्री काशी क्षेत्र संतोष पटेल मौजूद रहे।कार्यक्रम की शुरुआत ‘काला दिवस’ विषय पर आधारित प्रदर्शनी के उद्घाटन और अवलोकन से हुई।

इसके बाद आयोजित प्रेस वार्ता में अनामिका चौधरी ने कहा कि 25 जून 1975 को कांग्रेस सरकार ने लोकतंत्र का गला घोंटते हुए प्रेस, न्यायपालिका और नागरिक अधिकारों पर हमला किया था। उन्होंने कहा कि आपातकाल कोई युद्धकालीन स्थिति नहीं, बल्कि इंदिरा गांधी द्वारा सत्ता बचाने की हताश कोशिश थी।

Advertisement

प्रेस वार्ता के बाद आयोजित गोष्ठी में वक्ताओं ने आपातकाल के दौरान कांग्रेस द्वारा किए गए संवैधानिक दुरुपयोग, मीडिया सेंसरशिप, विपक्षी नेताओं की गिरफ्तारी, प्रेस की आज़ादी पर प्रतिबंध और आम नागरिकों के मौलिक अधिकारों को कुचलने के विषय में विस्तार से चर्चा की। वक्ताओं ने कहा कि कांग्रेस की वही मानसिकता आज भी परिवारवाद और सत्ता के केंद्रीकरण में झलकती है।

गोष्ठी की अध्यक्षता वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. एस.एन. पाठक ने की, जिसमें चेयरमैन श्याम सुंदर केशरी, पूर्व जिलाध्यक्ष मनोज जायसवाल सहित भाजपा के कई वरिष्ठ नेताओं ने विचार व्यक्त किए। इस दौरान लोकतंत्र सेनानी ओंकार नाथ यादव को सम्मानित भी किया गया।

कार्यक्रम का संचालन जिला महामंत्री हरिशंकर सिंह पटेल और संयोजन दिनेश वर्मा ने किया। कार्यक्रम के समापन पर रामचंद्र शुक्ल पार्क में वृक्षारोपण भी किया गया।

इस अवसर पर विधायक मड़िहान रमाशंकर सिंह पटेल, विधायक नगर रत्नाकर मिश्र, विधायक मझवां शुचिस्मिता मौर्या, चेयरमैन डीसीबी जगदीश सिंह पटेल, प्रदेश महामंत्री पिछड़ा मोर्चा संजय भाई पटेल, जिला पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, महिला मोर्चा, युवा मोर्चा सहित सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे।उक्त जानकारी जिला मीडिया प्रभारी ज्ञान प्रकाश दुबे ने दी।

Advertisement

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page