गाजीपुर
भाजपा कार्यकर्ताओं ने स्वच्छता अभियान और माल्यार्पण कर मनाई गांधी जयंती
जमानियां (गाजीपुर)। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर जमानियां रेलवे स्टेशन स्थित गांधी चौक पर एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर भाजपा नगर मंडल अध्यक्ष तारकेश्वर वर्मा ने कार्यकर्ताओं संग स्वच्छता अभियान चलाया और गांधी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर बापू को श्रद्धांजलि अर्पित की।

कार्यक्रम में उपस्थित भाजपा नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने महात्मा गांधी के योगदान को याद करते हुए उनके विचारों को जीवन में आत्मसात करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी ने स्वदेशी, स्वभाषा, स्वराज और सहकार के सिद्धांतों पर आधारित समाज का सपना देखा था। सत्य, अहिंसा और सन्मार्ग का संदेश देकर उन्होंने पूरे विश्व को एक नई दिशा प्रदान की।
नगर मंडल अध्यक्ष तारकेश्वर वर्मा ने कहा कि गांधी जी का जीवन दर्शन आज भी उतना ही प्रासंगिक है जितना स्वतंत्रता संग्राम के समय था। उन्होंने हमें सिखाया कि छोटे-छोटे प्रयास भी बड़े बदलाव ला सकते हैं। स्वच्छता अभियान चलाना और सामाजिक एकता बनाए रखना ही उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि है।

इस अवसर पर राजीव पांडे, प्रेमचंद बागी, जितेंद्र यादव, अवधेश बिंद, राजेश जायसवाल, देवराज बिंद, रमेश पासवान, विंध्याचल शर्मा, राजकुमार चौहान, त्रिभुवन सिंह, प्रमोद पांडे, राजू चौधरी समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
सभी ने एक स्वर से कहा कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी भारतीय इतिहास में एक अमर दीप की तरह हमेशा प्रज्वलित रहेंगे और उनके विचार पीढ़ी दर पीढ़ी देश को मार्गदर्शन देते रहेंगे।
