गोरखपुर
भक्ति, शक्ति और समर्पण का महापर्व – हनुमान जन्मोत्सव धूमधाम से सम्पन्न
खजनी (गोरखपुर)। पवनपुत्र श्री हनुमान जी के पावन जन्मोत्सव के शुभ अवसर पर सेमरडाडी क्षेत्र भक्ति, आस्था और उल्लास के रंग में सराबोर नजर आया। प्रातःकाल से ही मंदिरों में श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लग गईं, जहां भक्तों ने विधिवत पूजा-अर्चना कर संकटमोचन हनुमान जी से सुख-समृद्धि और कल्याण की कामना की।
हनुमान जन्मोत्सव के इस पावन अवसर पर मंदिरों को आकर्षक फूल-मालाओं और विद्युत सज्जा से सजाया गया था। वातावरण “जय श्री राम” और “बोलो पवनपुत्र हनुमान की जय” के जयघोष से गूंज उठा। श्रद्धालुओं ने सुंदरकांड पाठ, हनुमान चालीसा और भजन-कीर्तन का आयोजन कर पूरे क्षेत्र को भक्तिमय बना दिया।
बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों में भी उत्साह देखते ही बन रहा था। भक्तों का मानना है कि हनुमान जी की कृपा से जीवन की सभी बाधाएं दूर होती हैं और मन को अद्भुत शांति प्राप्त होती है।
इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि हनुमान जी केवल शक्ति के प्रतीक ही नहीं, बल्कि सच्ची भक्ति, निष्ठा और सेवा भाव के भी आदर्श हैं। उन्होंने बताया कि जिस प्रकार महर्षि वाल्मीकि ने “राम” नाम के जप से अपना जीवन परिवर्तित किया, उसी प्रकार सच्चे मन से प्रभु का स्मरण करने से हर व्यक्ति का जीवन उज्जवल हो सकता है।
कार्यक्रम के अंत में क्षेत्रवासियों ने एक स्वर में प्रार्थना की कि पवनसुत हनुमान जी सभी के जीवन में सुख, शांति और निरोगता प्रदान करें तथा समाज में प्रेम और भाईचारे की भावना को सुदृढ़ करें। हनुमान जन्मोत्सव का यह पावन पर्व पूरे क्षेत्र में भक्ति, आस्था और सकारात्मक ऊर्जा का संदेश छोड़ गया।
