Connect with us

गोरखपुर

ब्लैकमेलिंग से परेशान व्यक्ति ने की खुदकुशी, पांच पर मुकदमा दर्ज

Published

on

Loading...
Loading...

गोरखपुर के गोरखनाथ इलाके में ब्लैकमेलिंग और कथित प्रताड़ना से परेशान एक 50 वर्षीय व्यक्ति की मौत का मामला सामने आया है। मृतक तीन बच्चों के पिता थे। घटना 1 फरवरी 2026 की बताई जा रही है। मामले में पुलिस ने पांच लोगों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

मृतक की पहचान विकास नगर कॉलोनी निवासी सुरेंद्र सिंह के रूप में हुई है। उनके बेटे अविनाश सिंह की तहरीर पर दर्ज एफआईआर के अनुसार, कॉलोनी के ही रहने वाले राजेश जायसवाल, राजकुमार यादव, उमेश जायसवाल, दिनेश जायसवाल और अनिल चौहान पर ब्लैकमेलिंग और प्रताड़ित करने के आरोप लगाए गए हैं।

तहरीर में कहा गया है कि आरोपियों ने कथित रूप से एआई तकनीक की मदद से आपत्तिजनक वीडियो तैयार कर उसे दिखाकर सुरेंद्र सिंह को लगातार ब्लैकमेल किया। साथ ही मकान अपने नाम कराने का दबाव भी बना रहे थे। विरोध करने पर मारपीट और धमकी देने के भी आरोप हैं। बेटे के अनुसार, लगातार मानसिक दबाव के चलते उनके पिता ने घर में जान दे दी।

घटना के बाद पुलिस को सूचना दी गई। जांच के दौरान मृतक के पास से एक पत्र मिला, जिसमें पांचों आरोपियों को मौत का जिम्मेदार बताया गया है। पुलिस ने पत्र को कब्जे में लेकर साक्ष्य के तौर पर जांच में शामिल कर लिया है। जांच में यह भी सामने आया है कि यह पत्र करीब एक माह पहले लिखा गया था।

परिवार के अनुसार, सुरेंद्र सिंह एक धागा फैक्ट्री में मुनीम के पद पर कार्यरत थे। उनके तीनों बेटों की शादी हो चुकी है। एक बेटा पिछले एक साल से नेपाल की जेल में बंद है। उसे छुड़ाने के प्रयास में सुरेंद्र सिंह पर कर्ज बढ़ गया था। सूत्रों के मुताबिक, कर्ज देने वाले लोग अक्सर पैसे के लिए घर पर आते थे, जिससे तनाव की स्थिति बनी रहती थी। आरोप है कि नामजद पांच युवकों से भी उन्होंने उधार लिया था और भुगतान न हो पाने पर विवाद बढ़ गया था।

Advertisement

गोरखनाथ थाना प्रभारी विजय प्रताप सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच जारी है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page