गाजीपुर
बेटी की शादी से पहले टूटा पिता का हौसला, ट्रेन से कटकर दी जान
गाजीपुर। जनपद के दुल्लहपुर थाना क्षेत्र से एक हृदयविदारक घटना सामने आयी है, जहां पारिवारिक तनाव और बेटी की शादी की तैयारियों के बीच उपजे विवाद ने एक पिता को इस कदर तोड़ दिया कि उसने ट्रेन के आगे कूदकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। मृतक की पहचान धामूपूर ग्राम सभा निवासी श्रीकिशुन राम (उम्र 55 वर्ष) के रूप में हुई है।

घटना बीती रात नसीरपुर ग्रामसभा के समीप पोल संख्या 92 के पास हुई, जब गोरखपुर-भटनी पैसेंजर ट्रेन के आगे उन्होंने आत्महत्या कर ली। ट्रेन के चालक ने तुरंत दुल्लहपुर स्टेशन को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मृतक की पहचान आधार कार्ड के जरिए की गई।

श्रीकिशुन राम के परिवार में तीन बेटे और तीन बेटियां हैं। दो बेटियों की शादी पहले ही हो चुकी थी, जबकि तीसरी बेटी प्रियंका की शादी 6 जून को सैदपुर के पहाड़पुर गांव में होनी थी। उसी की गोदभराई का कार्यक्रम भी तय था, लेकिन पारिवारिक बातचीत के दौरान विवाद इतना बढ़ गया कि वे नाराज होकर रात 8 बजे घर से निकल गए और फिर घर से लगभग दो किलोमीटर दूर उन्होंने आत्मघाती कदम उठा लिया।
दुल्लहपुर थाना प्रभारी के अनुसार, शव को पंचनामा के बाद मर्चरी भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। यह घटना न सिर्फ एक परिवार के लिए दुखद है, बल्कि सामाजिक स्तर पर भी आत्मचिंतन की आवश्यकता दर्शाती है।
