वाराणसी
बीसीसीआई सचिव जय शाह और उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला ने किया गंजारी स्टेडियम का निरीक्षण
वाराणसी। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के सचिव जय शाह और उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला ने सोमवार को गंजारी में बन रहे अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम का निरीक्षण किया। वे बाबतपुर एयरपोर्ट से सीधे स्टेडियम का निरीक्षण करने पहुंचे। उन्होंने यूपीसीए के अधिकारियों और निर्माण कार्य देख रही एजेंसी को 30 किलोवाट का सोलर पैनल लगाने का निर्देश दिया। जय शाह ने बताया कि स्टेडियम में बिजली के साथ-साथ वैकल्पिक ऊर्जा के रूप में सौर ऊर्जा का उपयोग किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि, ग्रीन एनर्जी को बढ़ावा दिया जा रहा है और सामान्य दिनों में स्टेडियम का संचालन सौर ऊर्जा से किया जाएगा। इसके साथ ही बिजली विभाग द्वारा स्टेडियम को स्वतंत्र फीडर से बिजली की आपूर्ति की जाएगी। निर्माण कार्य की प्रगति के संबंध में एक प्रजेंटेशन के माध्यम से स्टेडियम में चल रही विकास योजनाओं की जानकारी दी गई।

बीसीसीआई के सचिव ने अधिकारियों को निर्माण कार्य जल्द से जल्द पूरा करने का निर्देश दिया। लगभग दो घंटे के निरीक्षण के दौरान स्टेडियम की निर्माण गतिविधियों और सुविधाओं का आकलन किया गया। जय शाह ने जानकारी दी कि यह स्टेडियम अंतरराष्ट्रीय स्तर की सुविधाओं से युक्त होगा और इसमें 30 हजार दर्शकों की बैठने की क्षमता होगी। मार्च 2026 तक स्टेडियम का निर्माण कार्य पूरा होने की उम्मीद है, जिसके बाद यहां अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैचों का आयोजन किया जाएगा।
