वाराणसी
बीएचयू : पीएचडी के 800 सीटों पर होगा दाखिला
वाराणसी। बीएचयू में इस साल पीएचडी एडमिशन की प्रक्रिया को यूजीसी नेट का रिजल्ट जारी होने के बाद हरी झंडी मिल गई है। इस बार लगभग 800 सीटों पर प्रवेश होंगे।
परीक्षा नियंत्रक प्रो. एनके मिश्र ने बताया कि अब एनटीए यूजीसी नेट रिजल्ट का डेटा जल्द ही साझा करेगा। दो दिन की छुट्टियों के बाद डेटा लाइव कर दिया जाएगा और संबंधित जानकारी बुलेटिन में वेबसाइट पर अपलोड की जाएगी।इस साल बीएचयू में पीएचडी प्रवेश और इंटरव्यू प्रक्रिया में बदलाव किया गया है। पहले रेट (रिसर्च एंट्रेंस टेस्ट) के आधार पर एडमिशन होते थे लेकिन इस सत्र में रेट एग्जाम की कोई व्यवस्था नहीं है।
अब केवल यूजीसी नेट और जेआरएफ परीक्षा पास करने वालों को ही मौका मिलेगा, जिससे अभ्यर्थियों को काफी सुविधा होगी।इस बार तीन कैटेगरी में रिजल्ट जारी हुआ है लेकिन प्रवेश केवल दो आधारों पर होगा।
पहला जेआरएफ और दूसरा, नेट क्वालिफाइड। जेआरएफ पास उम्मीदवारों का चयन केवल इंटरव्यू के अंकों के आधार पर होगा, जबकि नेट क्वालिफाइड उम्मीदवारों का चयन नेट परीक्षा और इंटरव्यू दोनों के अंकों को मिलाकर किया जाएगा। एक सीट के लिए पांच उम्मीदवारों को इंटरव्यू के लिए बुलाया जाएगा।
पहले रेट और रेट एग्जम्पटेड की हिस्सेदारी 50-50 प्रतिशत होती थी, लेकिन इस बार की प्रक्रिया में जेआरएफ उम्मीदवारों को अधिक प्राथमिकता दी जा रही है। अगर किसी विभाग में 10 सीटें हैं और जेआरएफ के 10 उम्मीदवार हैं, तो अधिकतम 6 सीटों पर जेआरएफ उम्मीदवारों का चयन होगा, बाकी सीटें नेट क्वालिफाइड अभ्यर्थियों के लिए आरक्षित होंगी।
