सियासत
बिहार विधानसभा चुनाव : कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय बने स्टार प्रचारक
 
																								
												
												
											वाराणसी कांग्रेसजनों में उल्लास की लहर
वाराणसी। भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस ने बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के प्रथम चरण के लिए अपने 40 स्टार प्रचारकों की सूची जारी की है। इस सूची में उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष श्री अजय राय का नाम शामिल होने पर वाराणसी सहित पूरे पूर्वांचल के कांग्रेस कार्यकर्ताओं में उत्साह और गौरव की भावना व्याप्त है।
कांग्रेसजनों ने इसे पार्टी नेतृत्व द्वारा एक जुझारू, संघर्षशील और जनता के मुद्दों से जुड़े नेता पर विश्वास जताने का निर्णय बताया है। इस अवसर पर जिलाध्यक्ष राजेश्वर पटेल और महानगर अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे ने संयुक्त रूप से हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि “अजय राय का राजनीतिक जीवन सदैव जनसंघर्ष और जनता के मुद्दों से जुड़ा रहा है। चाहे पूर्वांचल की समस्याएँ हों या पूरे प्रदेश की, उन्होंने नौजवानों के रोजगार, किसानों के अधिकार, महिलाओं की सुरक्षा और हर वर्ग की आवाज़ को सदैव बेबाकी से उठाया है। उन्होंने सत्ता से सवाल करने का साहस दिखाया और जनता के हक़ की लड़ाई को निरंतर आगे बढ़ाया है।”
दोनों नेताओं ने आगे कहा कि अजय राय का बिहार चुनाव में स्टार प्रचारक बनना न केवल कांग्रेस संगठन में नई ऊर्जा का संचार करेगा बल्कि वाराणसी सहित पूरे उत्तर प्रदेश के कांग्रेस परिवार के लिए गर्व का क्षण है। उनके नेतृत्व में कांग्रेस का संदेश बिहार की जनता तक और अधिक सशक्त रूप से पहुँचेगा तथा यह प्रचार अभियान पार्टी को नई दिशा और संकल्प प्रदान करेगा।
इस निर्णय पर वाराणसी जनपद के सभी पदाधिकारियों, वरिष्ठ कार्यकर्ताओं एवं कांग्रेसजनों ने प्रसन्नता व्यक्त की और श्री अजय राय के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

 
 
         
 
         
 
         
																	
																															 
									 
																	 
									 
																	 
									 
																	 
									 
																	 
									 
																	 
									