गाजीपुर
बालिकाओं ने किया दुर्गा के नवरूपों का मंचन
सेल्फ डिफेंस और आपातकालीन सहायता नंबरों की दी गई जानकारी
गाजीपुर। विकास खंड मरदह के पीएम श्री विद्यालय सिंगेरा में सोमवार को मिशन शक्ति अभियान के अंतर्गत बच्चों द्वारा विविध गतिविधियों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य रूप से मीना मंच की बालिकाओं ने अपनी प्रस्तुतियों से सभी का मन मोह लिया। इसके अतिरिक्त विद्यालय की समस्त कक्षाओं में अध्ययनरत बालिकाओं ने मातृ शक्ति दुर्गा के नवरूपों का अभिनय कर रोचक कार्यक्रम प्रस्तुत किए।
कार्यक्रम में बच्चों को सेल्फ डिफेंस और आपातकालीन सहायता हेतु आवश्यक संपर्क नंबरों की जानकारी भी प्रदान की गई। इस अवसर पर कुल 173 बालिकाएं, 163 बालक, 16 अभिभावक एवं विद्यालय के 13 शिक्षक/शिक्षा मित्र एवं अनुदेशक शामिल हुए।

इस कार्यक्रम का आयोजन खंड शिक्षा अधिकारी मरदह दीनानाथ साहनी के कुशल नेतृत्व एवं निर्देशन में प्रधानाध्यापक शिवशंकर सिंह द्वारा वृहद व्यवस्था और प्रबंधन के साथ संपन्न कराया गया। विद्यालय के समस्त स्टाफ ने भी बहुमूल्य सहयोग प्रदान किया।
खंड शिक्षा अधिकारी ने निर्देश दिए कि मिशन शक्ति कार्यक्रम का यह क्रम 30 सितंबर 2025 तक भव्य तरीके से संचालित किया जाए और निरंतर जन-जागरूकता सुनिश्चित की जाए।
