गोरखपुर
बाबू पुरुषोत्तम दास राधा रमण दास महाविद्यालय : फ्रेशर पार्टी में झूमे छात्र-छात्राएं
गोरखपुर। जिले के कूड़ाघाट स्थित बाबू पुरुषोत्तम दास राधा रमण दास महाविद्यालय में नवागत छात्र-छात्राओं के स्वागत में रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ भव्य समारोह का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. विकास रंजन मणि त्रिपाठी ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलित कर की। सरस्वती वंदना एवं स्वागत आरती कंचन, खुशी और कुमकुम ने प्रस्तुत की।
इस अवसर पर उप-प्राचार्य बालमुकुंद पांडेय ने नवागत छात्रों का स्वागत करते हुए कहा कि “युवावस्था बनने और बिगड़ने की होती है, अतः इस समय अपने लक्ष्य को निर्धारित कर उसी दिशा में परिश्रम करना चाहिए।”

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए प्राचार्य डॉ. त्रिपाठी ने छात्रों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि “जीवन में सफलता तभी संभव है जब हम लक्ष्योन्मुख व्यवहार को आत्मसात करें।”
कार्यक्रम में लक्ष्मी पांडेय ने मनमोहक गीत प्रस्तुत किया, जबकि कुमकुम यादव के नेतृत्व में समूह नृत्य-नाटिका का प्रदर्शन किया गया। कंचन, आरती, रितु, प्रियांशु और करन ने आकर्षक नृत्य प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया।
समारोह में मिस्टर फ्रेशर का खिताब सर्वांग त्रिपाठी (बी.ए. प्रथम वर्ष) को तथा मिस फ्रेशर का खिताब लक्ष्मी पांडेय (बी.ए. प्रथम वर्ष) को दिया गया।
कार्यक्रम का संचालन सुमित शर्मा और कुमकुम यादव ने किया। इस अवसर पर प्रियंका यादव, मोहन पांडेय, सीमा कुमारी, कौशलेंद्र प्रताप सिंह, किशन प्रजापति, राजू, संगीता शुक्ला सहित महाविद्यालय के शिक्षक, कर्मचारीगण एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
