Connect with us

चन्दौली

बाबा साहब की जयंती पर निकाली गयी भव्य शोभा यात्रा

Published

on

चंदौली। भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की 134वीं जयंती सोमवार को जनपद सहित पूरे नगर में श्रद्धा, उत्साह और हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। इस अवसर पर नगर पंचायत की ओर से अम्बेडकर बस्ती से एक भव्य शोभा यात्रा निकाली गई, जो नगर के विभिन्न मार्गों से होते हुए पुनः शंकर मोड़ पर आकर सम्पन्न हुई।

शोभा यात्रा का शुभारंभ नगर के शंकर मोड़ से हुआ। सबसे आगे पारंपरिक परिधान में सजे घुड़सवार और ऊँट शामिल थे, जिन्होंने कार्यक्रम में ऐतिहासिक गरिमा का संचार किया। इसके पीछे-पीछे विभिन्न प्रकार की भव्य झांकियां निकाली गईं, जो डॉ. अंबेडकर के जीवन, संघर्ष और संविधान निर्माण में उनके योगदान को दर्शा रही थीं। झांकियों में सामाजिक समानता, शिक्षा, संविधान और दलित उत्थान जैसे विषयों को सुंदर तरीके से प्रस्तुत किया गया।

शोभा यात्रा में बड़ी संख्या में स्थानीय युवक, युवतियां और महिलाएं पारंपरिक वेशभूषा में शामिल हुईं। पूरे नगर में यात्रा के स्वागत के लिए जगह-जगह पुष्पवर्षा की गई और बाबा साहब के चित्रों पर माल्यार्पण किया गया।

शोभा यात्रा के समापन के पश्चात एक गोष्ठी का आयोजन किया गया, जिसमें विभिन्न वक्ताओं ने बाबा साहब के विचारों और उनके योगदान पर प्रकाश डाला। वक्ताओं ने कहा कि डॉ. अंबेडकर ने जीवनभर दलित, वंचित और कमजोर वर्गों के अधिकारों के लिए संघर्ष किया। उन्होंने भारतीय संविधान का निर्माण कर देश को एक सूत्र में बांधने का कार्य किया और सामाजिक समानता का मार्ग प्रशस्त किया।

Advertisement

गोष्ठी में सुदर्शन सिंह, जुबैर अहमद, बसपा जिलाध्यक्ष घनश्याम प्रधान, राजा खां, जहिर अंसारी, कमलेश सोनकर सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम में नगरवासियों की उल्लेखनीय भागीदारी रही, जिससे यह आयोजन ऐतिहासिक बन गया।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa