वाराणसी
बाइक की टक्कर से युवक की मौत, परिजनों का सड़क पर हंगामा
चार थानों की पुलिस पहुंची, मुआवजा की मांग पर अड़े परिजन
वाराणसी के जंसा थाना क्षेत्र में बुधवार की रात तेज रफ्तार बाइक से हुए हादसे में 42 वर्षीय श्रमिक अरविंद कुमार मिश्रा उर्फ चुन्नू की मौत हो गई। हादसे के बाद गुस्साए परिजनों और ग्रामीणों ने गंगापुर-अकेलवा मार्ग पर शव रखकर चक्काजाम कर दिया और मुआवजे की मांग करने लगे। चार घंटे तक चले हंगामे के बाद पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया।
मुआवजा की मांग पर अड़े परिजन, 4 थानों का पुलिस बल तैनात
घटना के बाद परिजन 20 लाख रुपए मुआवजा और मृतक की दो पुत्रियों की शादी का खर्च उठाने की मांग पर अड़े रहे। गुस्साई भीड़ को काबू में करने के लिए राजातालाब, जंसा, मिर्जामुराद, और लोहता थानों से पुलिस बल बुलाया गया। उच्च अधिकारियों के हस्तक्षेप और किसान दुर्घटना बीमा और विवाह अनुदान का आश्वासन मिलने के बाद ग्रामीण शांत हुए।
घटनास्थल पर लोगों का हुजूम, पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा
नरैचा गांव के पास रामलीला मैदान के निकट अरविंद को तेज रफ्तार बाइक सवार तीन युवकों ने टक्कर मार दी। घायल अवस्था में अरविंद को पास के निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और परिजनों की तहरीर पर आगे की कार्रवाई शुरू की।
परिजनों की मांग पर दिए गए आश्वासन
अधिकारियों ने मृतक के परिवार को किसान दुर्घटना बीमा का लाभ और बेटियों की शादी के लिए सरकारी अनुदान का आश्वासन दिया। पुलिस ने मामले में संजोई गांव के दो युवकों को हिरासत में लिया है, जबकि उनका एक साथी अभी फरार है।
त्योहार की तैयारी के बीच परिवार में मातम का माहौल
मृतक अरविंद कुमार मिश्रा के परिवार में त्योहार की तैयारी चल रही थी, लेकिन उनकी असमय मौत ने घर में कोहराम मचा दिया। पत्नी संगीता का रो-रो कर बुरा हाल है और गांव का माहौल भी गमगीन है।
