Connect with us

अपराध

बहराइच : वन विभाग के छापेमारी में लाखों की बेशकीमती लकड़ी बरामद, पुष्पा मूवी से प्रभावित था लकड़ी चोर

Published

on

Loading...
Loading...

बहराइच के थाना सुजौली क्षेत्र के कतर्नियाघाट वन रेंज अंतर्गत ग्राम पंचायत कारीकोट के नथुनिया गांव में बुधवार को सुबह वन विभाग की टीम ने तीन घरों में छापेमारी कर भारी मात्रा में साखू और सागौन के खेप बरामद किए हैं। रेंजर अनूप कुमार के नेतृत्व में मारे गए छापे में साखू के 5 गोल बोटे व सागौन के 2 गोल बोटे समेत भारी मात्रा में चीरान की हुई लकड़ियां बरामद की गई हैं।

साउथ की फ़िल्म पुष्पा की तरह शातिर स्टाइल में घरों के अंदर मिट्टी व फूंस आदि में लकड़ियां छिपाई गई थी जिसे ट्रैकर की सहायता से निकलवाया गया। रेंजर अनूप कुमार ने बताया कि मुखबिर द्वारा सूचना मिली थी कि गांव निवासी कपूर सिंह जिसकी तीन पत्नियां हैं तीनों के अलग-अलग घरों में भारी मात्रा में जंगल की कीमती लकड़ियां स्टॉक की गई हैं जिसे संज्ञान में लेते हुए एसटीपीएफ व वन विभाग की टीम के साथ तीनों घरों में छापेमारी कर सर्च अभियान चलाया गया ।

इस दौरान 5 घंटे तक चले अभियान में लकड़ियों को बरामद कर रेंज कार्यालय कतर्नियाघाट ले जाया गया। वन दरोगा मयंक पांडे ने बताया कि तीनों घरों के लोग पहले से ही घर से फरार मिले जिनकी तलाश की जा रही है । उन्होंने बताया कि एक घर निशानगाड़ा रेंज के कारिकोट बीट में पड़ता है जबकि दो घर कतर्नियाघाट रेंज के बिछिया बीट में है। रेंजर ने बताया कि अपराधी के विरुद्ध केस दर्ज कर कार्यवाही की जाएगी।

छापेमारी टीम में रेंजर अनूप कुमार वन दरोगा मयंक पांडे के साथ वन रक्षक अब्दुल सलाम, डॉग स्क्वायड टीम से अन्नू शुक्ला, हीरालाल यादव, कल्लू, व एसटीपीएफ टीम से हेड कांस्टेबल कौशल किशोर शर्मा, नसीम चौधरी आदि मौजूद रहे।

Advertisement

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page