अपराध
बहराइच में पकड़ा गया ‘बाबा सिद्दीकी’ हत्याकांड का मुख्य शूटर
पूछताछ में उगले कई राज
बहराइच। यूपी के बहराइच जिले में रविवार को मुंबई क्राइम ब्रांच और एसटीएफ की संयुक्त टीम ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। एनसीपी के नेता बाबा सिद्दीकी हत्याकांड के मुख्य शूटर शिवा को नेपाल भागने के प्रयास में नानपारा कोतवाली क्षेत्र के हांड़ा बसेहरी गांव के पास से दबोच लिया गया। शिवा कैसरगंज के गंडारा गांव का निवासी है। वह अपने चार साथियों के साथ नेपाल भागने की कोशिश में था। टीम की सक्रियता के चलते वे सभी भारत की सीमा पार करने से पहले ही पकड़ लिए गए।
रोडवेज बस को रोककर दबोचा गया शूटर
सूत्रों के मुताबिक, टीम ने नेपालगंज-नानपारा मार्ग पर एक रोडवेज बस को रोककर इस कार्रवाई को अंजाम दिया। बस में सवार शिवा और उसके चार सहयोगियों को बस से उतार कर पास के एक होटल में ले जाया गया जहां उनसे करीब दो घंटे तक पूछताछ की गई। पूछताछ के दौरान होटल का मुख्य द्वार बंद रखा गया जिससे किसी बाहरी व्यक्ति को अंदर आने से रोका जा सके। टीम के अनुसार, शूटर शिवा नेपाल भागने की फिराक में था।
गिरफ्तार सहयोगियों में ये चार नाम शामिल
इस कार्रवाई में शिवा के साथ अनुराग कश्यप, ज्ञानप्रकाश त्रिपाठी, आकाश श्रीवास्तव और अखिलेश प्रताप सिंह को भी गिरफ्तार किया गया। जानकारी के अनुसार, ये चारों शिवा को नेपाल भागने में मदद कर रहे थे। गिरफ्तार लोगों के पास से बैग भी बरामद हुए, जिनमें कपड़े और मोबाइल जैसी वस्तुएं मिली हैं।
शूटर शिवा से अहम खुलासे
सूत्रों की मानें तो पूछताछ के दौरान शूटर शिवा ने कई महत्वपूर्ण जानकारियां दी हैं। शिव कुमार गौतम उर्फ शिवा ने एसटीएफ को बताया कि उसने अपने साथियों के साथ मिलकर तीन दिनों तक बाबा सिद्दीकी की रेकी की और दशहरा वाले दिन मौका मिलते ही उनकी हत्या कर दी। दो हत्यारोपितों को मौके पर ही लोगों ने पकड़ लिया था, जबकि वह अपना फोन फेंक कर वहां से फरार होकर पुणे चला गया था। पुणे से झांसी व लखनऊ के रास्ते होते हुए वह बहराइच आ गया था। रास्ते में उसने किसी यात्री के फोन से अनुराग कश्यप से बात की तो उसने बताया कि अखिलेन्द्र, ज्ञान प्रकाश व आकाश ने उसके नेपाल में छिपने की व्यवस्था की।
सीओ नानपारा प्रदुम्न सिंह ने इस बात की पुष्टि की है कि बाबा सिद्दीकी हत्याकांड में फरार चल रहा मुख्य आरोपी शिवा उनके कब्जे में है। गिरफ्तार चारों अन्य आरोपियों को टीम अपने साथ दिल्ली ले गई है जहां आगे की पूछताछ की जाएगी। इस संयुक्त ऑपरेशन में एसटीएफ के प्रभारी प्रमेश कुमार शुक्ल और उपनिरीक्षक जावेद आलम सिद्दकी समेत अन्य अधिकारी भी शामिल रहे।
