गोरखपुर
बहन को परीक्षा दिलाने जा रहे युवक की सड़क हादसे में मौत, दूसरा घायल
गोलाबाजार (गोरखपुर)। गोला थाना क्षेत्र में रामजनकी सड़क मार्ग पर सड़सड़ा गेट के पास स्थित मंदिर के सामने सोमवार सुबह लगभग आठ बजे आमने-सामने दो बाइकों की जोरदार टक्कर हो गई। इस दुर्घटना में एक बाइक चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। बाइक पर सवार एक छात्रा भी घायल हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोगों ने तत्काल गोला पुलिस को जानकारी दी। सूचना पर पहुंची पुलिस तीनों को उपचार के लिए सीएचसी गोला ले गई, जहां डॉक्टरों ने एक बाइक चालक को मृत घोषित कर दिया। दूसरे चालक की हालत अत्यंत गंभीर देखते हुए उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया, जबकि घायल छात्रा को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार गोला थाना क्षेत्र के ग्राम बेलपार पाठक निवासी अनीश गोंड पुत्र विपिन गोंड (18) अपनी बहन श्रेया को बाइक से बड़हलगंज इंटर की परीक्षा दिलाने जा रहा था। श्रेया एमसीए पब्लिक स्कूल की छात्रा है। जब अनीश गोंड रामजनकी मार्ग पर सड़सड़ा गेट के पास स्थित मंदिर के सामने पहुंचा, तभी विपरीत दिशा से आ रही एक बाइक से उसकी जोरदार टक्कर हो गई। दूसरी बाइक चला रहे युवक की पहचान जनपद आंबेडकर नगर के थाना जहांगीर गंज क्षेत्र के गांव खिरजीपुर निवासी रामदयाल पुत्र रामाश्रय (28) के रूप में हुई, जो गोला थाना क्षेत्र के ग्राम पतरा स्थित अपनी ससुराल से अपने घर लौट रहे थे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी जोरदार थी कि अनीश गोंड की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि रामदयाल बाइक सहित सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। बताया जा रहा है कि वह अपनी ससुराल से नाराज होकर घर लौट रहे थे। हादसे में अनीश की बहन श्रेया को भी चोटें आई हैं। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने वैधानिक कार्रवाई करते हुए शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और दुर्घटनाग्रस्त दोनों बाइकों को अपने कब्जे में ले लिया।
