वाराणसी
बनारस की ई-बसों में भी मिलेंगी अगले पड़ाव की जानकारी, परिवहन विभाग कर रही तैयारी

रिपोर्ट – प्रदीप कुमार
वाराणसी। दिल्ली मेट्रो की तरह अब बनारस की ई-बसों में भी अगले पड़ाव की जानकारी मिलेगी। बसों में मेट्रो की तरह अगले स्टेशन का एनाउंसमेंट होगा। मसलन यदि आप कैंट पहुंचने वाले हैं, यह बस कैंट, सिगरा, रथयात्रा… होते हुए लंका तक जाएंगी। इसके लिए परिवहन निगम ने तैयारी शुरू कर दी है। जल्द ही यह सुविधा बसों में शुरू होने की उम्मीद है।
वाराणसी में वर्तमान में 50 ई-बसों का संचालन किया जाता है। ये बसें शहर के 25 किमी की परिधि में सेवा देती हैं। इन बसों में यात्रियों की भीड़ दिनोंदिन बढ़ती जा रही है। ऐसे में 50 और ई बसें चलाने की योजना है। इन बसों में दिल्ली मेट्रो की तर्ज पर अगले स्टेशन की जानकारी दी जाएगी। वहीं यह भी बताया जाएगा कि यह बस कहां-कहां से होकर गुजरेगी। डिस्प्ले बोर्ड पर भी यह दिखेगा, ताकि यात्रियों को सहूलियत हो सके।
परिवहन निगम की ओर से ई-बसों की विशेषताओं के बारे में भी जानकारी दी जाएगी। इसके लिए बसों में लगे आडियो सिस्टम से धीमी आवाज में इसका प्रसारण होगा। एक दिन का पास जारी करने की योजना चल रही है, जिसे किसी भी बस में निर्धारित शुल्क देकर यात्री बनवा सकेंगे। इसके जरिए पूरे दिन किसी भी ई-बस से कहीं भी आ-जा सकेंगे। पर्यटकों की सुविधा को देखते हुए यात्रियों को स्मार्ट कार्ड भी जारी किया जाएगा। इसे रिचार्ज कराया जा सकता है।