गाजीपुर
बघरी गांव में महिला सुरक्षा और सशक्तिकरण पर विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

बघरी (गाजीपुर)। शारदीय नवरात्रि के अवसर पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देशानुसार महिलाओं और बालिकाओं को सशक्त बनाने के उद्देश्य से मिशन शक्ति अभियान फेज 5.0 का शुभारंभ किया गया। इसी क्रम में सोमवार को बघरी गांव में नीतेश राय के आवास पर एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में कोतवाली पुलिस टीम ने ग्रामीणों, महिलाओं और छात्राओं को महिला सुरक्षा, सम्मान और आत्मनिर्भरता से संबंधित जानकारी दी। पुलिस टीम ने महिला हेल्पलाइन नंबर 1090, आपातकालीन नंबर 112, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, स्वास्थ्य सेवाओं के लिए 108 और एंबुलेंस 102 जैसी महत्वपूर्ण सेवाओं के बारे में विस्तार से बताया। इसके साथ ही महिलाओं को आत्मरक्षा के उपायों की जानकारी भी दी गई।
इस अवसर पर एसआई अभिनव कुमार गुप्ता, हेड कांस्टेबल रतन सरोज और महिला कांस्टेबल प्रिया द्विवेदी विशेष रूप से मौजूद रहे। पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि किसी भी आपात स्थिति में प्रशासन पूरी तत्परता के साथ सहायता करेगा।
एसआई अभिनव कुमार गुप्ता ने कहा, “मिशन शक्ति अभियान का उद्देश्य हर महिला और बालिका को सुरक्षा का एहसास कराना और उन्हें आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित करना है। पुलिस हमेशा समाज के हर वर्ग की सुरक्षा के लिए खड़ी है।”