गोरखपुर
बंद मकान का ताला तोड़कर नकदी सहित जेवरात चोरी, अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज
गोरखपुर। जनपद के हरपुर-बुदहट थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत पचौरी निवासिनी अमीता गौतम पत्नी स्व सुबोध गौतम की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ बीएनएस की धारा 305 (e) के तहत मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच में जुटी हुई है।
थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत पचौरी निवासिनी अमीता गौतम पत्नी स्व सुबोध गौतम ने थाना पुलिस को तहरीर देकर बताया बीते दो माह पहले मेरे पति का मार्ग दुर्घटना में मौत हो चुकी है, जिस कारण से मैं सात – आठ दिन से अपने मायके में थी। 7 फरवरी को जब मैं मायके से वापस आयी तो देखा कि मेरे और मेरे जेठ राम बहाल पुत्र स्व बनारसी के कमरे का सामान बिखरा पड़ा था, जिसकी सूचना मैंने अपने जेठ राम बहाल को भी दिया, क्योंकि मेरे जेठ परिवार के साथ गोरखपुर रहते हैं। मैंने अपने सामानों को चेक किया तो मेरे कमरे से नब्बे हजार रुपए नकद, जेवरात छः सेट, दो सेट बच्चों का, दस साड़ी, कुछ बर्तन व कागजात व मेरे जेठ राम बहाल के कमरे से तीन साड़ी और एक शर्ट नहीं मिला। उक्त घटना के संदर्भ में आस पास के लोगों से काफी पूछताछ की लेकिन कुछ पता नहीं चला।
इस संदर्भ में थानाध्यक्ष विवेक कुमार मिश्र ने बताया कि पीड़ित महिला अमीता गौतम की तहरीर पर अज्ञात चोर के खिलाफ केस दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।
