वाराणसी
फेसबुक पर दोस्ती के नाम पर महिला से छह लाख की साइबर ठगी
वाराणसी। साइबर अपराध को लेकर लगातार की जा रही जागरूकता के बावजूद ठगी के मामले सामने आ रहे हैं। मिर्जामुराद थाना क्षेत्र में फेसबुक के जरिए दोस्ती कर एक महिला से छह लाख रुपये की साइबर ठगी का मामला उजागर हुआ है। पीड़िता ममता देवी ने इस संबंध में थाने में तहरीर देकर न्याय की गुहार लगाई है।
मिर्जामुराद के भोरकलां (मनकईया) गांव निवासी ममता देवी के फेसबुक अकाउंट पर एक अनजान युवक ने संपर्क किया। बातचीत के दौरान युवक ने एक लिंक भेजकर ममता का मोबाइल नंबर हासिल कर लिया और फिर खुद को उसकी बहन बताकर लगातार संपर्क में रहने लगा। नए साल के मौके पर उसने ममता को छह हजार डॉलर का उपहार भेजने का भरोसा दिलाया और इसी बहाने उसे एक मैसेज भेजा।
आरोप है कि जालसाज ने ममता को झांसे में लेकर उसके बैंक खाते से जुड़ी जानकारी हासिल कर ली और ओटीपी भी ले लिया। इसके बाद आरोपी ने एसबीआई खाते से छह लाख रुपये निकाल लिए गए। जब पैसे निकल जाने के बाद आरोपी का मोबाइल बंद हो गया, तब ममता देवी को ठगी का एहसास हुआ।
पीड़िता का कहना है कि उसने तत्काल पुलिस से संपर्क कर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई और अपनी रकम वापस दिलाने की मांग की है। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
