Connect with us

वाराणसी

फर्जी एंटी करप्शन गिरोह का भंडाफोड़, महिला समेत तीन गिरफ्तार

Published

on

Loading...
Loading...

वाराणसी। भेलूपुर थाना पुलिस ने एक फर्जी एंटी करप्शन गिरोह का खुलासा करते हुए महिला सहित तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि यह गिरोह जलकल विभाग के कार्यालय अधीक्षक हिमांशु श्रीवास्तव से शिकायत निपटाने के नाम पर धन उगाही का प्रयास कर रहा था। इस संबंध में हिमांशु श्रीवास्तव की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मंगलवार को एक व्यक्ति जलकल विभाग कार्यालय पहुंचा और पंजीकरण से संबंधित नियमों की जानकारी ली। इसके अगले दिन बुधवार को एक महिला और दो पुरुष कार्यालय पहुंचे और स्वयं को एंटी करप्शन विभाग लखनऊ का कर्मचारी बताते हुए अधीक्षक को डराने लगे। आरोपियों ने दावा किया कि उनके खिलाफ विभाग में शिकायत प्राप्त हुई है और कार्रवाई से बचाने के लिए रुपये की मांग की।

इसी दौरान विभाग के अन्य कर्मचारी भी मौके पर पहुंच गए। जब उन्होंने आरोपियों से परिचय पत्र दिखाने को कहा तो वे घबरा गए। स्थिति बिगड़ते देख महिला और एक अन्य व्यक्ति मौके से फरार हो गए, जबकि एक आरोपी को कर्मचारियों ने पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। पूछताछ में उसने फर्जी गिरोह से जुड़े होने और रुपये वसूलने की योजना की बात स्वीकार की तथा अपने साथियों के बारे में जानकारी दी।

पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए फरार महिला और दूसरे आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान उधम सिंह नगर, उत्तराखंड निवासी सौरभ गावा तथा कोटद्वार निवासी फिरोज अहमद के रूप में हुई है, जबकि पकड़ी गई महिला भी उधम सिंह नगर की रहने वाली बताई गई है।

पुलिस के अनुसार यह गिरोह लंबे समय से लोगों को झांसा देकर धन उगाही में संलिप्त था। मामले के खुलासे के बाद पुलिस ने आमजन से ऐसे फर्जी गिरोहों से सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की है। पुलिस ने बताया कि प्रकरण की जांच जारी है और अन्य संभावित आरोपियों की तलाश की जा रही है।

Advertisement

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page