अपराध
फंदे से लटकता मिला राजगीर का शव
पत्नी के मायके जाने से अवसाद ग्रस्त था मनोज राजभर
वाराणसी । सारनाथ थाना क्षेत्र के बेनीपुर अकथा गांव में गुरुवार को मनोज राजभर (30वर्ष) नामक राजगीर का शव उसके कमरे में फांसी के फंदे से लटकता मिला। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है । पुलिस के अनुसार पत्नी के मायके में जाने से अवसाद ग्रस्त होकर राजगीर ने घटना को अंजाम दिया है। वही ग्रामीणों के अनुसार मामला संदिग्ध बताया जा रहा है । परिजनों के अनुसार मनोज का एक पैर कुर्सी पर तथा एक पैर हवा में लटका था । जिस पर हत्या की आशंका जताई जा गई । पुलिस के अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद में मौत के सही कारणों का पता चल पाएगा ।
जानकारी के अनुसार, बेनीपुर अकथा गांव निवासी मनोज राजभर पेशे से राजगीर मिस्त्री था । जिसकी शादी इसी थाना क्षेत्र के पंचकोशी में हुई थी । चार दिनों पूर्व पति-पत्नी के बीच कुछ विवाद हुआ था । इसके बाद पत्नी घर में रखा हजारों रुपये नगद और गहने लेकर मायके चली गई थी । दो दिनों पूर्व मनोज पत्नी को लेने ससुराल गया था । जहां पत्नी के परिजनों ने उसकी पिटाई कर बाइक छीन लिया तथा मनोज को भला बुरा कह कर भगा दिया ।
इसके बाद मनोज बुधवार को सायंकाल घर लौटा था । कुछ दूरी पर रहने वाली उसकी चाची की बेटी ने रात में मनोज को खाना दिया तो उसने तबीयत ठीक ना होने की बात कह कर खाना नहीं खाया । सुबह जब उसकी चाची तथा पुत्री उसके घर गई तो घर का दरवाजा खुला था और अंदर मनोज फांसी के फंदे से लटक रहा था।
