Connect with us

शिक्षा

प्लेसमेंट में चमके IIT BHU के विद्यार्थी

Published

on

489 छात्रों को नई राह, 125 कंपनियों ने दिखाई दिलचस्पी

वाराणसी। आईआईटी बीएचयू में इस वर्ष कैंपस प्लेसमेंट ड्राइव की शुरुआत बेहद उत्साहजनक रही। पहले दिन के प्लेसमेंट में ही कई प्रतिष्ठित भारतीय और अंतरराष्ट्रीय कंपनियों ने छात्रों को आकर्षक ऑफर दिए। बीती शाम तक 17 छात्रों को एक करोड़ रुपये से अधिक के वार्षिक पैकेज पर नौकरी का अवसर मिला।

पहले दिन एक छात्र को सबसे ऊंचा पैकेज 1.67 करोड़ रुपये वार्षिक का ऑफर प्राप्त हुआ। संस्थान के 10 वर्ष के प्लेसमेंट इतिहास में पहले ही दिन यह सबसे बड़ा पैकेज है। पिछली बार पहले दिन एक छात्र को 1.65 करोड़ रुपये का प्रस्ताव मिला था।

मजबूत शुरुआत से छात्रों और शिक्षकों के चेहरे खिल उठे। इसे संस्थान की बढ़ती साख और विद्यार्थियों की उत्कृष्ट प्रतिभा का प्रमाण माना जा रहा है।

पहले दिन कुल 125 नामचीन कंपनियों ने प्लेसमेंट प्रक्रिया में भाग लिया और 489 छात्रों को नौकरी का निमंत्रण दिया। पहले स्लॉट में 55 कंपनियों ने 209 छात्रों का चयन किया, जिनके पैकेज 45.19 लाख से लेकर 1.67 करोड़ रुपये वार्षिक तक रहे। इसके अलावा, 70 कंपनियों ने फाइनल ईयर के 280 छात्रों को प्री-प्लेसमेंट ऑफर (PPO) दिया। 98 कंपनियों ने प्री-फाइनल ईयर के 443 छात्रों को सवैतनिक इंटर्नशिप के लिए चुना

Advertisement

प्रशिक्षण एवं सेवायोजन विभाग के समन्वयक प्रो. सुशांत कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि आईआईटी बीएचयू की उत्कृष्ट प्रतिष्ठा और यहां के मेधावी विद्यार्थियों के कारण विश्व की बड़ी कंपनियां प्लेसमेंट के लिए उत्सुक हैं।

उन्होंने याद दिलाया कि पिछले वर्ष जनवरी में एक छात्र को 2.2 करोड़ रुपये वार्षिक का सर्वोच्च पैकेज ऑफर किया गया था। कहा जा रहा है कि आने वाले दिनों में इस वर्ष भी छात्रों को और उच्च पैकेज मिलने की पूरी संभावना है।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page