वायरल
प्रेमी की तलाश में मुंबई से बनकटा पहुंची युवती, शादी का झांसा देकर छोड़ने का आरोप
देवरिया। जनपद के बनकटा क्षेत्र में प्रेम संबंध में धोखा मिलने के बाद एक युवती अपने छोटे बच्चे के साथ मुंबई से प्रेमी की तलाश में पहुंच गई है। युवती ने थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी युवक पर शादी का झांसा देकर शोषण करने का आरोप लगाया है।
बताया जा रहा है कि युवती इन दिनों अपने बच्चे के साथ बनकटा रेलवे स्टेशन पर रहने को मजबूर है और उसने पुलिस से न्याय की गुहार लगाई है। शिकायत के आधार पर पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पीड़िता के अनुसार, वह मुंबई में एक कंपनी में कार्यरत थी, जहां उसकी मुलाकात उक्त युवक से हुई। दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और युवक ने उससे शादी का वादा किया। इसी दौरान दोनों साथ रहने लगे और इस संबंध से एक बच्चा भी हुआ। आरोप है कि कुछ समय बाद युवक उसे छोड़कर अपने गांव लौट आया और संपर्क समाप्त कर दिया।
प्रेमी की तलाश में युवती बनकटा पहुंची और उसके घर गई, जहां उसके साथ मारपीट कर भगा दिया गया। इसके बाद वह थाने पहुंची, लेकिन पुलिस ने मामला मुंबई का बताते हुए तत्काल कार्रवाई नहीं की।
इस संबंध में एसओ दिनेश मौर्य ने बताया कि मामला दूसरे राज्य से जुड़ा है। शिकायत के आधार पर जांच की जा रही है और तथ्यों के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
