अपराध
प्रेमिका को पाने की चाहत में गर्भवती पत्नी की हत्या में पति सहित तीन गिरफ्तार, प्लानिंग सुन पुलिस के उड़ गए होश
जबलपुर। एक पति ने अपनी पत्नी की जान सिर्फ इसलिए ले ली क्योंकि वह अपने प्रेमिका के पीछे साइको हो गया था। पत्नी को रास्ते से हटाने के लिए उसने बहुत ही सटीक प्लानिंग की थी लेकिन पुलिस ने इस मामले का खुलासा करते हुए आरोपी पति सहित तीन अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पति ने अपने दोस्तों को पत्नी की हत्या के लिए सुपारी दी थी। इसके लिए 60 हजार रुपये में बात हुई थी। उसने आरोपियों को 20 हजार रुपये एडवांस भी दिए।

डीएसपी बीएस गोथरिया ने बताया कि मृतक महिला की मां का घर माढ़ोताल थाना क्षेत्र के मदर टेरेसा नगर में है। उसकी शादी कजरवारा मोहल्ले के शुभम (30) से हुई थी और वह गर्भवती थी। स्थानीय मंदिर में दर्शन करने के बाद दंपत्ति अपने डेढ़ साल के बच्चे के साथ कार से शनिवार को उसकी मां के घर जा रहे थे, तभी दो मोटरसाइकिलों पर सवार चार आरोपियों ने पथराव शुरू कर दिया। आरोपी पति ने प्लानिंग के तहत कार रोक दिया। एक पत्थर जब उसके सर पर लगा तब उसने बेहोश होने का नाटक किया। इसके बाद आरोपियों ने गर्भवती महिला का मंगलसूत्र छीनने की कोशिश की। जब उसने इसका विरोध किया तो आरोपियों ने उसके डेढ़ साल के बच्चे के सामने ही उसका गला घोंट दिया और मौके से फरार हो गए।

पुलिस ने आगे यह भी बताया कि, आरोपी पति किसी महिला से बात करता था। कथित तौर पर पत्नी को अपने रास्ते से से हटाने के लिए उसने लूट की झूठी कहानी गढ़ी। साथ ही इस काम के लिए दोस्तों की मदद भी ली। दोस्तों ने मंगलसूत्र छीनकर महिला का गला घोंट दिया। साथ ही पति ने अपने ही दोस्तों से खुद पर भी हमला करवाया। पुलिस ने आरोपी पति को हिरासत में लिया है। साथ ही उसकी महिला मित्र से भी पूछताछ कर सकती है। पुलिस ने इस केस में पति शुभम चौधरी, उसके दोस्त प्रहलाद ठाकुर, अनुराग कुशवाहा और शिबू चौधरी को गिरफ्तार किया है।
कोर्ट में सभी आरोपियों की पेशी के दौरान बुधवार को आरोपी पति पर ससुराल वालों का गुस्सा फूट पड़ा। मृतका की बहन ने आरोपी का कॉलर पकड़कर जमकर धुलाई की और उसे फांसी देने की मांग की है।
