अपराध
प्रेमिका की मां को प्रेमी ने जिंदा जलाया, बीएचयू ट्रामा सेंटर में इलाज के दौरान मौत
आरोपी ने बताई जान लेने की वजह
जौनपुर। गुरुवार की सुबह एक महिला को पेट्रोल डालकर जला दिया गया था। शुक्रवार को बीएचयू ट्रामा सेंटर में इलाज के दौरान महिला की मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। गुरुवार की शाम पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया था।
हत्यारोपी विनय बिन्द ने जेल जाने से पहले पूछताछ में कहा कि, वह रोशनी से मुहब्बत करता है। उसकी माँ पवित्रा रोक-टोक करती थी। रोशनी को फ़ोन पर बात करने से भी रोकती थी। इसलिए गुस्से में पवित्रा को उसके घर में घुसकर ही जिंदा जला दिया।
अजीत सिंह चौहान, सीओ शाहगंज ने कहा कि महिला ने इलाज के दौरान आरोपी के खिलाफ शिकायत की थी, इसलिए हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज किया था। अब उसकी मौत के बाद हत्या की धारा में मुकदमे को बदल दिया है। आरोपी को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार, क्षेत्र के एक गांव निवासी निवासी युवती का अपने ननिहाल में रहने वाले युवक से प्रेम संबंध चल रहा था। करीब दस दिन पहले इसी बात को लेकर युवती के परिवार वाले युवक को समझाए थे। उसके बाद युवती अपने रिश्तेदारी में चली गई। इसी बीच युवती की मां गुरुवार की भोर में अपने घर के बरामदे में सो रही थी। तभी सनकी युवक छत पर चढ़कर आंगन में उतर गया और पेट्रोल डालकर प्रेमिका की मां को जला दिया।
उधर, घटना की जानकारी मिलने पर एसपी डॉ.अजय पाल शर्मा ने भी मौके पर पहुंचकर जांच की। फॉरेसिक टीम ने भी घटनास्थल का नमूना लिया। एसपी ने बताया कि महिला का आरोप था कि उसे युवक ने पेट्रोल डालकर जलाया है। पीड़िता की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज करके आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। बाकी जांच की जा रही है।
