Connect with us

वाराणसी

प्रिया सरोज और रिंकू सिंह की शादी टली, पिता तूफानी ने बताई वजह

Published

on

वाराणसी। सपा सांसद प्रिया सरोज और टीम इंडिया के उभरते क्रिकेटर रिंकू सिंह की शादी अब तय तारीख पर नहीं होगी। पहले यह शादी 18 नवंबर 2025 को काशी में होनी थी, लेकिन अब इसे टाल दिया गया है। नई तारीख अभी तय नहीं हुई है, लेकिन अनुमान है कि फरवरी 2026 में यह भव्य विवाह समारोह आयोजित किया जाएगा। इसकी पुष्टि खुद प्रिया के पिता और विधायक तूफानी सरोज ने की है।

उन्होंने बताया कि रिंकू सिंह अक्टूबर से फरवरी तक घरेलू क्रिकेट सीजन में व्यस्त रहेंगे, जिसमें वह प्रदेश की टीम से लगातार खेलेंगे। इस वजह से दोनों परिवारों ने मिलकर शादी को आगे बढ़ाने का निर्णय लिया है।

इससे पहले 8 जून 2025 को लखनऊ के ‘द सेंट्रम’ होटल में इन दोनों की रिंग सेरेमनी बेहद भव्य अंदाज में हुई थी। इस कार्यक्रम में अखिलेश यादव, डिंपल यादव, जया बच्चन, शिवपाल यादव और इकरा हसन जैसे दिग्गज नेताओं समेत लगभग 300 खास मेहमान शामिल हुए थे।

Advertisement

रिंग सेरेमनी के दौरान भावुक हुईं प्रिया को रिंकू ने जब स्टेज पर अंगूठी पहनाई, तो वो अपने आंसू नहीं रोक सकीं। इस खास पल में रिंकू ने उन्हें गले लगाकर संभाला। कार्यक्रम के दौरान दोनों ने केक काटा, एक-दूसरे को खिलाया और मेहमानों के साथ जमकर डांस भी किया।

प्रिया ने रिंकू को कोलकाता से मंगवाई गई डिजाइनर रिंग पहनाई, जबकि रिंकू ने मुंबई से खरीदी हुई स्पेशल अंगूठी पहनाकर उन्हें सरप्राइज़ दिया। दोनों रिंग की कुल कीमत करीब 2.5 लाख रुपए थी। इस मौके पर प्रिया ने पिंक लहंगा और रिंकू ने व्हाइट शेरवानी पहनी थी।

अपने पिता तूफानी सरोज के साथ प्रिया

रिंकू और प्रिया की पहली मुलाकात एक क्रिकेटर की शादी में हुई थी। IPL 2023 के दौरान रिंकू ने कोलकाता नाइट राइडर्स के लिए लगातार पांच छक्के लगाकर सुर्खियां बटोरी थीं। इसके बाद एक सीनियर खिलाड़ी की दिल्ली में हुई शादी में प्रिया को भी आमंत्रित किया गया, जहां दोनों की पहली बार मुलाकात हुई। क्रिकेटर की पत्नी, जो प्रिया की कॉलेज फ्रेंड थीं, ने इन दोनों का परिचय कराया था।

प्रिया सरोज ने दिल्ली यूनिवर्सिटी से बीए एलएलबी की पढ़ाई की है। वहीं रिंकू सिंह अपने क्रिकेट सफर को लेकर व्यस्त चल रहे हैं। अब सभी को इस स्टार कपल की नई शादी की तारीख का इंतज़ार है, जो फरवरी 2026 के आसपास होने की संभावना है।

Advertisement

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa