मिर्ज़ापुर
प्रयागराज महाकुंभ 2025: मिर्जापुर पुलिस ने सीमावर्ती थानों पर किया सुरक्षा प्रबंधों का निरीक्षण
मिर्जापुर। प्रयागराज महाकुंभ 2025 के सफल आयोजन और श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के लिए मिर्जापुर पुलिस ने विशेष तैयारियां शुरू कर दी हैं। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक मिर्जापुर सोमेन बर्मा ने शुक्रवार को सीमावर्ती थानों जिगना और चिल्ह में स्थित बॉर्डर बैरियर और मोर्चाबंदी का निरीक्षण किया।

पुलिस अधीक्षक ने पर्याप्त पुलिस बल के साथ ऑपरेशन “चक्रव्यूह” के तहत पाली बॉर्डर (जिगना), चिल्ह-औराई बॉर्डर, और चेतगंज-गोपीगंज पर जिग-जैक बैरियर का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को वाहनों, व्यक्तियों और सामान की सघन चेकिंग करने के निर्देश दिए गए। निगरानी के लिए सीसीटीवी और ड्रोन कैमरों का भी उपयोग किया जा रहा है।

श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मिर्जापुर में डायवर्जन प्लान लागू कर दिया गया है। पुलिस सहायता केंद्रों की स्थापना की गई है, जहां महाकुंभ में जाने वाले श्रद्धालुओं को मार्ग और अन्य आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी।

मिर्जापुर, जो प्रयागराज का सीमावर्ती जिला है, वहां से भारी संख्या में श्रद्धालुओं का आवागमन अपेक्षित है। इस दौरान कई श्रद्धालु विन्ध्याचल स्थित मां विन्ध्यवासिनी देवी के दर्शन-पूजन के लिए भी रुक सकते हैं। इसे ध्यान में रखते हुए सुरक्षा और यातायात व्यवस्था के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। मिर्जापुर पुलिस ने श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए आश्वासन दिया है कि उनकी सेवाएं हर समय तत्पर रहेंगी।
